अररिया प्रसव पूर्व लिंग परीक्षण पर रोक को लेकर पीसीपीएनडीटी की जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित
अररिया जिला पदाधिकारी सह समुचित प्राधिकार पीसीपीएनडीटी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में उनके कार्यालय वेश्म में प्रसव पूर्व लिंग परीक्षण पर प्रभावी रोक लगाने एवं पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों के अनुपालन को लेकर पीसीपीएनडीटी की जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित पदाधिकारियों एवं समिति के सदस्यों द्वारा अधिनियम के प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लाइसेंस से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान बताया गया कि पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत लाइसेंस से संबंधित कुल 06 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 03 आवेदन नए लाइसेंस के लिए तथा 03 आवेदन लाइसेंस के नवीकरण से संबंधित हैं। समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया एवं निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पीसीपीएनडीटी के तहत लाइसेंस संबंधी मामलों को जिला सलाहकार समिति के समक्ष किस प्रकार प्रस्तुत किया जाना है तथा समिति द्वारा लाइसेंस निर्गत किए जाने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्गत पत्र, प्रपत्र एवं संबंधित नियमों में वर्णित प्रावधानों/क्लॉज को चिन्हित कर अगली बैठक में समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
जिला पदाधिकारी ने पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा प्रसव पूर्व लिंग परीक्षण जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला सलाहकार समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Araria, Araria | Sep 9, 2026