अररिया में जिला स्तरीय नियोजन -सह- व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित, 350 से अधिक अभ्यर्थियों का औपबंधिक रूप से चयन
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, अररिया द्वारा बुधवार को संयुक्त श्रम भवन, अररिया के प्रांगण में जिला स्तरीय एक दिवसीय नियोजन -सह- व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया गया। मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें रोजगार एवं कौशल विकास के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। नियोजन मेला का उद्घाटन जिलाधिकारी श्री विनोद दूहन द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप नियोजन मेले के माध्यम से जिले एवं बिहार राज्य में निजी क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों द्वारा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार के साथ-साथ कौशल विकास भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कौशल विकसित कर रोजगार की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की अपील की। उन्होंने उपस्थित अभ्यर्थियों को नियोजन मेले में उपलब्ध विभिन्न रोजगार अवसरों की जानकारी प्राप्त करने, अपनी योग्यता के अनुरूप पदों के लिए आवेदन करने तथा चयन प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
जिला नियोजनालय के अनुसार, यह मेला पहली बार पूर्णत: बिहार रोजगार सेतु पोर्टल के माध्यम से आयोजित किया गया था। जिसमें जिलेभर से लगभग 1500 अभ्यर्थियों ने बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर अपना निबंधन कराया था। मेले में निजी क्षेत्र के 18 नियोजकों ने लगभग 800 रिक्तियों के साथ भाग लिया। नियोजकों द्वारा 1200 से अधिक बायोडाटा प्राप्त किए गए, जिनमें से 350 से अधिक अभ्यर्थियों का औपबंधिक रूप से चयन किया गया।
इसके अतिरिक्त, मेले में पांच सरकारी स्टॉलों के माध्यम से अभ्यर्थियों को विभिन्न योजनाओं एवं रोजगार संबंधी अवसरों की जानकारी तथा मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
नियोजन मेले का संचालन श्री आदित्य प्रकाश, जिला नियोजन पदाधिकारी, अररिया, जिला कौशल प्रबंधक, अररिया, कनीय सांख्यिकी सहायक एवं जिला नियोजनालय के कर्मियों द्वारा किया गया। मौके पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन अररिया, सहायक कोषागार पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
Araria, Araria | Sep 9, 2026