#बालाघाट
सरकार आपके द्वार शिविर में 459 आवेदन प्राप्त, 323 का मौके पर निराकरण
बिरसा के कैंडाटोला में 22 विभागों के स्टॉल लगाए गए, ग्रामीणों को योजनाओं की दी गई जानकारी
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत जनपद पंचायत बिरसा के ग्राम पंचायत कैंडाटोला स्थित आईटीआई परिसर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित 459 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 323 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। दो आवेदन अपात्र पाए गए, जबकि शेष 134 आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सावित्री धुर्वे, उपाध्यक्ष श्री हेमंत साहू, एसडीएम श्री अनिकेत शांडिल्य, जनपद सीईओ श्री नितिन भट्ट, तहसीलदार श्रीमती बबिता सूर्या सहित विभिन्न विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, पात्रता एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी देने के लिए 22 विभागों के स्टॉल तथा 3 पंजीयन काउंटर लगाए गए।
स्व-सहायता समूह के उत्पादों की प्रदर्शनी
शिविर में आजीविका मिशन द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए गए। करुणा आजीविका स्व-सहायता समूह, ग्राम लगमा की सदस्य कुंदा देशमुख के समूह द्वारा अचार, पापड़, बड़ी और शहद सहित विभिन्न खाद्य सामग्री का निर्माण एवं विक्रय किया जा रहा है। शिविर में समूह को FSSAI पंजीयन प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया।
किसानों को बैटरी चलित स्प्रे पंप वितरित
कृषि विभाग की ओर से वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री योगेश वाहने ने किसानों को कृषि योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान ग्राम अजगरा के कृषक श्री चमरू मरकाम तथा ग्राम पिपरटोला के कृषक श्री नरेंद्र कुमार हनवत को अनुदान पर बैटरी चलित स्प्रे पंप वितरित किए गए। जनपद अध्यक्ष श्रीमती सावित्री धुर्वे एवं जनपद उपाध्यक्ष श्री हेमंत साहू ने किसानों को स्प्रे पंप प्रदान किए।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर 3 से 13 अक्टूबर तक चल रहे आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही खाद प्राप्त करने के लिए WhatsApp Chatbot 6259141000 के माध्यम से टोकन जनरेशन, धान में भूरा माहू (BPH) के नियंत्रण के लिए अनुशंसित दवाओं तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के संबंध में भी विस्तार से बताया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपने आवेदन और समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय स्थानीय स्तर पर ही सेवाएं एवं समाधान उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
#सरकार_आपके_द्वार #मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान #JanVishwasAbhiyan2026 #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp