#बालाघाट
आपदा मित्र प्रशिक्षण के पांचवें दिन रोप रेस्क्यू का दिया गया प्रायोगिक प्रशिक्षण
हाई राइज बिल्डिंग से लोगों को सुरक्षित निकालने का कराया गया अभ्यास
मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह विभाग भोपाल तथा होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन मुख्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशानुसार जिले में युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत आपदा मित्र स्वयंसेवियों का सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम 29 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक मॉयल सामुदायिक भवन उकवा में संचालित किया जा रहा है।
जिला सेनानी श्री एल.के. उददे के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण के तीसरे सत्र के पंचम दिवस पर आपदा मित्र स्वयंसेवियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में उपयोगी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मस्कुलोस्केलेटल इंजुरी (मांसपेशियों एवं हड्डियों से संबंधित चोट) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वयंसेवियों को घायल व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक उपचार देने की विधियों के बारे में समझाया गया तथा इसका प्रायोगिक अभ्यास भी कराया गया।
इसके साथ ही रोप रेस्क्यू के अंतर्गत विभिन्न प्रकार की गांठों, हिच एवं लेसिंग की जानकारी दी गई। स्वयंसेवियों को रस्सी के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की तकनीकों का अभ्यास कराया गया, ताकि आपदा के समय आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग बचाव कार्य में किया जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान आगजनी एवं भूकंप जैसी आपदाओं के समय हाई राइज बिल्डिंग से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रायोगिक अभ्यास भी कराया गया। रस्सी के माध्यम से ऊंचाई से लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू करने की तकनीक, सुरक्षा उपायों तथा बचाव कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले में आने वाली विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित स्वयंसेवियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर आपदा मित्र प्राथमिक राहत, बचाव एवं आपदा प्रबंधन कार्यों में प्रशासन और राहत दलों के साथ प्रभावी सहभागिता कर सकें।
#आपदा_प्रबंधन
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #mohdep #MpSdrf NDRFHQ