#बालाघाट
सेवा संकल्प अभियान के तहत बैहर में निकली भव्य साइकिल रैली
फिट इंडिया खेल सत्र में विद्यार्थियों ने दिया स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खेल एवं युवा कल्याण विभाग, नगर पालिका बैहर, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैहर तथा शासकीय पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के संयुक्त समन्वय से फिट इंडिया खेल सत्र के तहत भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल गतिविधियों के प्रति जागरूक करना रहा।
साइकिल रैली में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय तथा शासकीय पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने साइकिल से बैहर शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और फिट रहने का संदेश दिया। रैली के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने युवाओं को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने के साथ खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में गुड्डा मरकाम, सांसद प्रतिनिधि एवं प्रदेश मंत्री अनुसूचित जनजाति मोर्चा, भाजपा; आलोक चौरे, प्राचार्य शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैहर; नवजीत सिंह परिहार, सचिव जिला ताइक्वांडो संघ; ललिता धुर्वे, शिक्षिका पीएम श्री कन्या विद्यालय बैहर; नेशनल खिलाड़ी अक्षय कुमार एडे तथा ब्लॉक युवा समन्वयक बैहर राजेश बंबुरे सहित अन्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है। युवाओं को फिट रखने के लिए खेल, व्यायाम और साइकिलिंग जैसी गतिविधियों को नियमित दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को फिटनेस, स्वास्थ्य एवं खेल के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस साइकिल रैली ने बैहर में स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली को अपनाने के लिए युवाओं को प्रेरित किया।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP