#बालाघाट
एफडीडीआई छिंदवाड़ा ने बालाघाट में आयोजित किए करियर काउंसलिंग सेमिनार
फैशन, फुटवियर डिजाइनिंग और रिटेल मैनेजमेंट में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से विद्यार्थियों को कराया परिचित
विद्यार्थियों को पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ नए एवं रोजगारपरक क्षेत्रों की जानकारी देने के उद्देश्य से फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) छिंदवाड़ा द्वारा बालाघाट शहर के महाविद्यालय, विभिन्न विद्यालयों तथा आदिवासी बालक-बालिका छात्रावासों में करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय से संबद्ध एफडीडीआई के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को फैशन डिजाइनिंग, फुटवियर डिजाइनिंग एवं रिटेल मैनेजमेंट (एमबीए) के क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी दी।
सेमिनार के दौरान एफडीडीआई छिंदवाड़ा के एडमिशन एंड प्रमोशन विभाग की प्रतिनिधि श्रीमती पूजा राजपूत ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने फैशन, फुटवियर एवं रिटेल उद्योग में उच्च शिक्षा, रोजगार तथा स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में डिजाइनिंग के अलावा प्रबंधन, उत्पादन, विपणन सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को एफडीडीआई में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया तथा ऑल इंडिया सिलेक्शन टेस्ट के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप करियर विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया गया। करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन जटाशंकर त्रिवेदी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, विवेक ज्योति, उत्कृष्ट विद्यालय, शासकीय संयुक्त आदिवासी बालक छात्रावास, शासकीय विशेष जनजातीय कन्या छात्रावास तथा शासकीय कन्या शिक्षा परिसर गोंगलाई, बालाघाट में किया गया।
सेमिनार में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और फैशन डिजाइनिंग, फुटवियर डिजाइनिंग एवं रिटेल मैनेजमेंट जैसे नए एवं रोजगारपरक करियर क्षेत्रों के बारे में जानकारी प्राप्त की। आयोजकों ने बताया कि इन क्षेत्रों में सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार की भी पर्याप्त संभावनाएं हैं। पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया एवं करियर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थियों को मोबाइल नंबर 8839697772 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #𝐒𝐤𝐢𝐥𝐥𝐬𝐃𝐞𝐯𝐞𝐥𝐨𝐩𝐦𝐞𝐧𝐭