चिनार हाउस ने रंगोली प्रतियोगिता में मारी बाजी, माउंट मौर्य इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया दीपावली उत्सव
स्प्रूस हाउस दूसरे और सिल्वर व टीक हाउस संयुक्त रूप से रहे तीसरे स्थान पर
देवभूमि लाइव टीवी/जोगिंदर नगर।
माउंट मौर्य इंटरनेशनल स्कूल (MMIS) में दीपावली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर दीपावली की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रंगोली प्रतियोगिता रही, जिसमें विभिन्न हाउस के विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में चिनार हाउस ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि स्प्रूस हाउस दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, सिल्वर हाउस और टीक हाउस ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगी और आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से दीपावली के उल्लास, खुशियों और सांस्कृतिक महत्व को खूबसूरती से दर्शाया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना को भी बढ़ावा मिला।
इस दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश ठाकुर ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली खुशियों, प्रेम, सद्भावना और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास और उमंग के वातावरण में हुआ।