पालमपुर विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल ने मारी बाजी, प्रथम स्थान किया हासिल
विज्ञान एवं समाज विषय पर विद्यार्थियों ने नाट्य प्रस्तुतियों से दिया जागरूकता का संदेश, शीर्ष दो विजेता दल उत्तर भारत स्तर की प्रतियोगिता में करेंगे हिमाचल का प्रतिनिधित्व
देवभूमि लाइव टीवी/पालमपुर।
पालमपुर विज्ञान केन्द्र में बुधवार को नगर स्तरीय विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद्, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में कांगड़ा जिले के पांच शिक्षण संस्थानों के कक्षा छठी से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, पालमपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ पालमपुर विज्ञान केन्द्र के प्रधान संग्रहाध्यक्ष एवं केन्द्र प्रमुख राम स्वरूप के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संप्रेषण कौशल और रचनात्मक अभिव्यक्ति का विशेष महत्व है। विज्ञान नाट्य विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल, रोचक और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे आयोजन समाज में वैज्ञानिक सोच विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इस वर्ष प्रतियोगिता का मुख्य विषय 'विज्ञान एवं समाज' रखा गया था। इसके तहत विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता: मित्र, साधन या खतरा?, इलेक्ट्रिक वाहन: भविष्य की राह, अंतरतारकीय आवास तथा महासागरों की पुनर्बहाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नाट्य प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से तकनीकी विकास, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की चुनौतियों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. हृदय पॉल सिंह, डॉ. रुचि चौहान तथा डॉ. रजनीश शामिल रहे। निर्णायकों ने वैज्ञानिक तथ्यों की प्रासंगिकता, संदेश की स्पष्टता, समूह सहयोग, संवाद, मंचीय प्रदर्शन और रचनात्मकता के आधार पर प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, पालमपुर ने प्रथम, धौलाधार कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भवारना ने द्वितीय तथा स्पेक्ट्रम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, घुग्गर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में स्पेक्ट्रम स्कूल, घुग्गर के मोहित को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, विजन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बैजनाथ की क्रिस्टीना को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, डीएवी पब्लिक स्कूल, पालमपुर की देवेंद्री सिंह को सर्वश्रेष्ठ निर्देशिका तथा धौलाधार कॉन्वेंट स्कूल, भवारना की अनन्या को सर्वश्रेष्ठ पटकथा लेखिका के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
निर्णायक मंडल ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों और रचनात्मकता की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को वैज्ञानिक तथ्यों की प्रमाणिकता बनाए रखने तथा विज्ञान एवं समाज से जुड़े विषयों पर निरंतर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
दिल्ली में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगे विजेता दल
प्रतियोगिता के शीर्ष दो विजेता दलों को 30 नवंबर और 1 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय विज्ञान केन्द्र, दिल्ली में आयोजित होने वाली उत्तर भारत विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, तार्किक सोच, रचनात्मकता और संप्रेषण कौशल विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई। विज्ञान और नाट्य कला के समन्वय से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि वैज्ञानिक सोच को रोचक माध्यमों से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।