RCFC की शिफ्टिंग के विरोध में आंदोलन 41वें दिन भी जारी
केंद्रीय आयुष मंत्रालय से बैठक का निमंत्रण मिलने पर 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाएगा
जोगिंदर नगर, सुनील कुमार।
जोगिंदर नगर के हर्बल गार्डन स्थित क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र (RCFC) को जोगिंदर नगर से सोलन शिफ्ट करने की अधिसूचना को रद्द करने की मांग को लेकर RCFC बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले स्थानीय जनता का आंदोलन लगातार जारी है। 13 अगस्त से शुरू हुआ यह आंदोलन मंगलवार को 41वें दिन में प्रवेश कर गया।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरुशरण परमार, संयोजक कुशाल भारद्वाज, महासचिव अजय ठाकुर, सह संयोजक संजीव शर्मा, उपाध्यक्ष बृज गोपाल अवस्थी, लाभ सिंह धरवाल, सलाहकार ज्ञान चंद ठाकुर, कृपाल ठाकुर, शुभ राय धरवाल, सचिव रमन बहल, दमनदीप सिंह, कर्म चंद तथा कोषाध्यक्ष विशाल शर्मा ने संयुक्त बयान में कहा कि 20 अगस्त से शुरू की गई क्रमिक भूख हड़ताल तब तक जारी रहेगी, जब तक RCFC की शिफ्टिंग रद्द करने की अधिसूचना जारी नहीं हो जाती।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मंगलवार को जोगिंदर नगर में संघर्ष समिति के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि केंद्रीय आयुष मंत्रालय की ओर से आगामी एक-दो दिनों में प्रस्तावित बैठक के लिए निमंत्रण मिलता है, तो संघर्ष समिति का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाएगा। प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय आयुष मंत्री के समक्ष RCFC के लिए जोगिंदर नगर को हर दृष्टि से उपयुक्त स्थल बताते हुए इसे यहां से शिफ्ट न करने की मांग रखेगा।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि इस दौरान जोगिंदर नगर के साथ-साथ मंडी, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर और ऊना सहित संबंधित क्षेत्रों की जनता की भावनाओं को भी केंद्रीय आयुष मंत्रालय के समक्ष रखा जाएगा।
चार लोगों ने संभाला भूख हड़ताल का मोर्चा
आंदोलन के 41वें दिन क्रमिक भूख हड़ताल को आगे बढ़ाने के लिए रोपड़ी-कलेहड़ू पंचायत से नागेश राणा, राहुल परमार और अनिल कुमार तथा योरा पंचायत से विवेक राणा ने मोर्चा संभाला।
संघर्ष समिति के महासचिव अजय ठाकुर ने पिछले दिन भूख हड़ताल पर बैठे ऐहजू पंचायत के प्रधान बीरबल वर्मा, उपप्रधान संजय भंगालिया, ट्रांसपोर्टर नेक राम वालिया तथा सेवानिवृत्त संसार चंद जम्वाल को रिलीव करते हुए मंगलवार को नई टीम की घोषणा की।
इस अवसर पर संघर्ष समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज, सलाहकार कांशी राम वर्मा व शुभ राय धरवाल, पान सिंह ठाकुर, राज बंसल तथा कृष्ण सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।