जिला स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में जोगिंदर नगर का दबदबा
U-14 में विजेता, U-19 में उपविजेता रही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिंदर नगर की टीम
जोगिंदर नगर/शिव कुमार।
जिला स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिंदर नगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता की U-14 छात्र वर्ग में जोगिंदर नगर की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि U-19 छात्र वर्ग में टीम उपविजेता रही।
विद्यालय के हैंडबॉल कोच ओम प्रकाश ने बताया कि उनकी पाठशाला पिछले तीन वर्षों से U-14 और U-19 वर्गों में लगातार विजेता एवं उपविजेता का खिताब अपने नाम करती आ रही है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास के चलते विद्यालय को लगातार बेहतर परिणाम मिल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पिछली प्रतियोगिता में भी विद्यालय के 9 खिलाड़ी राज्य स्तर के लिए चयनित हुए थे, जबकि 3 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया था। इस बार भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए U-14 छात्र वर्ग से 5 खिलाड़ी, U-14 छात्रा वर्ग से 3 खिलाड़ी तथा U-19 छात्र वर्ग से 3 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए करवाया है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल सहित समस्त अध्यापकों और विद्यार्थियों ने चयनित खिलाड़ियों एवं पूरी टीम को बधाई दी। प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।