जिला स्तरीय U-19 शतरंज प्रतियोगिता में दयानंद भारतीय पब्लिक स्कूल का परचम, लगातार दूसरे वर्ष प्रथम स्थान
जोगिंदर नगर (सुनील कुमार)।
जिला मंडी की अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में दयानंद भारतीय पब्लिक स्कूल, जोगिंदर नगर के विद्यार्थियों ने शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 28 सितंबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटगढ़ में किया गया।
विद्यालय की टीम ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन खेल कौशल और रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। खास बात यह है कि विद्यालय ने लगातार दूसरे वर्ष जिला स्तरीय U-19 शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है।
इस उपलब्धि के साथ विद्यालय के दो प्रतिभावान विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। कक्षा 12वीं के साहिल ठाकुर और कक्षा 10वीं के चैतन्य गोस्वामी अब राज्य स्तर पर जिला मंडी का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, पिछले वर्ष विद्यालय के छात्र सूर्यांश ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता तक पहुंचकर विद्यालय का नाम रोशन किया था। इस वर्ष भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उस उपलब्धि की परंपरा को आगे बढ़ाया है।
इस सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधन समिति ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित दोनों छात्रों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और उनके मेंटर्स श्री विशाल शर्मा एवं श्री तोडर जी के कुशल मार्गदर्शन को दिया।
विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि दोनों विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला मंडी और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।