जिले के नवागत कलेक्टर श्री सिसोनिया ने ग्रहण किया पदभार
जिला अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में संचालित शास.गतिविधियों और कार्यो के संबंध में की चर्चा
–––
–––
रायसेन जिले के नवागत कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया द्वारा गुरूवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया गया। इसके पूर्व वह किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग मप्र शासन में उप सचिव के पद पर पदस्थ थे। नवागत कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया 2017 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।
नवागत कलेक्टर श्री सिसोनिया ने पदभार ग्रहण करने के उपरांत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिला अधिकारियों से जिले में संचालित विभिन्न शासकीय गतिविधियों और प्रशासनिक कार्यों के संबंध में जानकारी लेते हुए चर्चा की। उन्होंने जिले में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, अभियानों तथा कार्यक्रमों के संचालन संबंधी जानकारी ली। नवागत कलेक्टर श्री सिसोनिया ने जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुगमता से पहुंचाने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारा मूल उद्देश्य है। लाभार्थी को योजना का लाभ बिना किसी भेद-भाव के मिलना चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी जिला अधिकारी अपने-अपने विभाग के पोर्टल पर सही जानकारी समय से दर्ज कराएं। नवागत कलेक्टर ने सभी एसडीएम को विकासखण्ड स्तर पर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही विकासखण्ड अधिकारियों को आंगनवाड़ी, स्कूल, स्वास्थ्य केन्द्रों आदि का निरीक्षण करने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal
8 views | Raisen, Madhya Pradesh | Oct 15, 2026