Public App Logo
'रास्ता न दिला पाएं तो लेखपाल, कानूनगो, तहसीलदार सबको सस्पेंड करो'... CM योगी का सख्त निर्देश यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि विवादों और राजस्व मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को लेकर सख्त रुख अपनाया है. गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी पीड़ा रखते हुए बताया कि दबंग उसे रास्ता देने से इनकार कर रहे हैं और शिकायत करने पर भी कोई समाधान नहीं रहा. महिला की शिकायत सुनकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल रास्ता दिलाने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार किसी पात्र व्यक्ति को रास्ता दिलाने में खुद को असमर्थ मानते हैं तो उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाए. सीएम योगी ने कहा कि भूमि संबंधी मामलों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 200 लोगों से मिले. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं, इसी दौरान एक महिला ने भूमि से जुड़े विवाद और रास्ते की समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी. महिला ने बताया कि दबंग उसे रास्ता नहीं दे रहे हैं और कथित तौर पर यह कहते हैं कि वह चाहे जहां शिकायत कर ले, रास्ता नहीं दिया जाएगा. महिला की बात सुनते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि महिला को रास्ता दिलाया जाए. अगर लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार रास्ता दिलाने में खुद को लाचार मानते हैं तो उन सभी को निलंबित किया जाए. मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद राजस्व मामलों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश गया कि आम लोगों की भूमि संबंधी शिकायतों को लंबित रखना या उनके समाधान में हीलाहवाली करना भारी पड़ सकता है. #cmyogi #gorakhpur #uttarpradesh #upgovt #yogiadityanath - Orai News