पीआरडी जवानों को कैशलेस चिकित्सा योजना का तोहफा
23 करोड़ की लागत से बहुमंजिला बैरक का शिलान्यास, विकास भवन में हुआ सजीव प्रसारण
उरई (जालौन)। गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन एवं विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का सजीव प्रसारण विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में किया गया। मुख्यमंत्री ने लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित ग्राम एटर पश्चिम में 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास करने के साथ पीआरडी जवानों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम का प्रसारण माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि आरपी निरंजन, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, सदर व कालपी विधायक प्रतिनिधियों सहित अधिकारियों और बड़ी संख्या में पीआरडी जवानों ने देखा।
विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि पीआरडी जवान विषम परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा से शासन-प्रशासन का सहयोग करते हैं। सरकार की नई योजनाएं जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ उनके परिवारों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।
डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि पीआरडी जवान कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित महत्वपूर्ण कार्यों में प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते हैं। उन्होंने जनपद में पीआरडी कार्यालय के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यालय भवन का निर्माण कराया जा सके।
विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने भूमि चिन्हित होने पर कार्यालय भवन के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का प्रयास करने की बात कही। वहीं जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान ने जवानों की सुविधा के लिए मंत्री की निधि से बड़े हॉल का निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान सीडीओ केके सिंह, डीडीओ प्रशांत पाण्डेय सहित अधिकारी और पीआरडी जवान मौजूद रहे। जवानों ने सरकार की घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।