बोकारो में बैंकिंग व्यवस्था पर DC सख्त, मेधावी छात्रों और किसानों को कर्ज देने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
#BokaroNews #BankersMeeting #AjayNathJha #EducationLoan #CurrentBokaro
Bokaro: जिले के मेधावी विद्यार्थियों की पढ़ाई पैसों की कमी से नहीं रुकनी चाहिए और किसानों को कृषि के लिए कर्ज लेने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैंकों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए जरूरतमंदों तक वित्तीय सहायता पहुंचानी होगी। ऋण वितरण में लापरवाही और बीमा क्लेम के नाम पर लाभुकों को परेशान करने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह सख्त संदेश उपायुक्त अजय नाथ झा ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक में दिया। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के प्रदर्शन, ऋण वितरण, शिक्षा ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं की समीक्षा की गई।
##बेहतर काम करने वाले बैंकों को मिलेगा सम्मान
उपायुक्त ने कहा कि जिले में बैंकिंग क्षेत्र का प्रदर्शन पहले की तुलना में सुधरा है, लेकिन कई क्षेत्रों में अभी भी काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल लक्ष्य पूरा करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी जरूरी है।
उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक प्रकाश मिश्रा को निर्देश दिया कि बैंकवार और श्रेणीवार प्रदर्शन का आकलन करने के लिए समिति गठित की जाए। अगली बैठक से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों को जिला प्रशासन सम्मानित करेगा, ताकि बैंकों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़े।
##गरीब छात्रों के सपनों पर पैसे की कमी न बने बाधा
शिक्षा ऋण के कमजोर प्रदर्शन पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। चिकित्सा, इंजीनियरिंग, आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और शोध जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने वाले विद्यार्थियों को बैंकों का सहयोग मिलना चाहिए।
उन्होंने बैंकों को ऐसे विद्यार्थियों की पहचान कर उनकी जरूरत के अनुरूप ऋण उपलब्ध कराने में संवेदनशीलता बरतने का निर्देश दिया। खराब प्रदर्शन करने वाले बैंकों को पत्र जारी करने की भी बात कही।
##लक्ष्मी दीदियों को सिर्फ कर्ज नहीं, कारोबार बढ़ाने में भी मदद करें बैंक
महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए उपायुक्त ने बैंकों से सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि समूहों को केवल ऋण देकर उनकी जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती। महिलाओं को व्यवसाय चलाने, वित्तीय प्रबंधन और बाजार से जुड़ने में भी मदद करनी होगी।
इसके लिए दिसंबर में बैंकों और स्वयं सहायता समूहों के बीच कार्यशाला आयोजित करने का निर्देश दिया गया। एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक समेत कम से कम पांच से छह बैंकों को इस पहल में शामिल करने को कहा गया, ताकि लक्ष्मी दीदियां सफल उद्यमी बन सकें।
##किसानों को KCC से जोड़ने में तेजी लाएं
किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और कृषि ऋण वितरण की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कहा कि बैंकों को अधिक से अधिक पात्र किसानों को ऋण सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए। कृषि के साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को भी वित्तपोषण से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बैंक केवल पुराने लाभुकों तक सीमित न रहें, बल्कि नए किसानों की पहचान कर उन्हें भी योजनाओं का लाभ दें।
##बीमा क्लेम में छोटी आपत्तियों पर लाभुकों को न करें परेशान
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लंबित एवं अस्वीकृत दावों पर भी उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बीमा कराने वाले व्यक्ति की मृत्यु या दुर्घटना के बाद उनके आश्रितों को क्लेम के लिए अनावश्यक रूप से परेशान करना उचित नहीं है।
मधुकरपुर से जुड़े एक बीमा क्लेम मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने संबंधित बैंक को एक सप्ताह के भीतर मामले का निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी बैंकों से अस्वीकृत बीमा दावों के कारणों की रिपोर्ट मांगी, ताकि उनकी समीक्षा की जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था का मकसद सिर्फ जमा और ऋण का कारोबार करना नहीं, बल्कि किसानों, गरीबों, महिलाओं, विद्यार्थियों और छोटे उद्यमियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना भी है। बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, आरबीआई प्रतिनिधि शशांक एस. तिर्की, एलडीएम प्रकाश मिश्रा, डीडीएम नाबार्ड सुरीला राजन, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
Chas, Bokaro | Nov 27, 2026