तीन दशक की सेवा को DC ने किया सलाम, आदेशपाल को गले लगाया, साथ बैठकर पी चाय
#bokaro #AjayNathJha #EmotionalFarewell #HumanityFirst #CurrentBokaro
बोकारो: सरकारी दफ्तरों में पद और प्रोटोकॉल की दीवारें अक्सर रिश्तों पर भारी पड़ जाती हैं, लेकिन शुक्रवार को बोकारो समाहरणालय में एक अधिकारी ने अपने व्यवहार से इंसानियत और संवेदनशीलता की खूबसूरत मिसाल पेश की। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी अजय नाथ झा ने तीन दशक से अधिक समय तक अपनी सेवाएं देने वाले आदेशपाल गोपाल नापित को गले लगाकर सम्मानित किया।
27 नवंबर को उपायुक्त न्यायालय में गोपाल नापित का अंतिम कार्यदिवस था। वे 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। इस मौके पर उपायुक्त ने उन्हें अपने कार्यालय कक्ष में बुलाया, बगल की कुर्सी पर बैठाया और साथ में चाय पी। इस दौरान उनके सेवाकाल के अनुभवों के साथ परिवार और व्यक्तिगत जीवन का हालचाल भी जाना।
गोपाल नापित वर्ष 2005 में नियमित होने से पहले करीब 15 से 20 वर्षों तक दैनिक वेतनभोगी के रूप में काम कर चुके हैं। नियमित होने के बाद भी उन्होंने लगभग 20 वर्षों तक उपायुक्त न्यायालय में जिम्मेदारी निभाई।
उपायुक्त ने 30 नवंबर को उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित करने का निर्देश दिया। उनका यह आत्मीय व्यवहार संदेश दे गया कि संस्थान में कोई पद छोटा नहीं होता और हर समर्पित कर्मचारी सम्मान का हकदार है।
Chas, Bokaro | Nov 27, 2026