कहीं पुलिस सो तो नहीं रही ? आधी रात ड्यूटी चेक करने सड़कों पर उतरे डीएसपी
#bokaro #BokaroNews
Bokaro : शहर में चोरी, गृहभेदन और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने रात्रि गश्ती व्यवस्था की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में 26 और 27 नवंबर की मध्य रात्रि नगर पुलिस उपाधीक्षक ने पांच थाना क्षेत्रों में रातभर चल रही पुलिस गश्ती का औचक निरीक्षण किया।
##पांच थाना क्षेत्रों में पहुंचकर जांची ड्यूटी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर डीएसपी ने बीएस सिटी, सेक्टर-4, सेक्टर-12, सेक्टर-6 और हरला थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्ती, रात्रि ओडी ड्यूटी तथा रक्षक राइडर की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तत्परता एवं सतर्कता की जांच की गई।
##संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को रात के समय संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील और सुनसान इलाकों में नियमित गश्ती बढ़ाने तथा चोरी, घरों में सेंधमारी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
##लापरवाही नहीं, सूचना मिलते ही कार्रवाई
नगर डीएसपी ने सभी पदाधिकारियों एवं जवानों को अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। पुलिस की इस औचक जांच का उद्देश्य रात्रि गश्ती को अधिक प्रभावी बनाना और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना है।
Chas, Bokaro | Nov 27, 2026