*इंस्पायर अवार्ड मानक 2026 में बाँका की शानदार उपलब्धि, राष्ट्रीय स्तर पर 11वाँ और बिहार में दूसरा स्थान*
विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में बाँका जिले ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट उपलब्धि से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। इंस्पायर अवार्ड मानक 2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों के नामांकन में बाँका जिला देश के शीर्ष 15 जिलों की सूची में 11वें स्थान पर रहा है। वहीं, बिहार के सभी 38 जिलों में बाँका ने दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है।
इंस्पायर अवार्ड मानक 2026 के लिए जारी अंतिम आँकड़ों के अनुसार, बाँका जिले से कुल 5,690 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ है। इस उपलब्धि के पीछे जिले के शत-प्रतिशत सरकारी विद्यालयों की सहभागिता के साथ-साथ निजी विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए किए गए सामूहिक प्रयासों का सकारात्मक परिणाम राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग में देखने को मिला है।
उल्लेखनीय है कि देशभर में उत्तर प्रदेश पहले, राजस्थान दूसरे तथा बिहार तीसरे स्थान पर रहा है। बिहार से मुजफ्फरपुर राज्य में पहले तथा बाँका 5,690 नामांकन के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
बाँका जिले की यह उपलब्धि शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन, शिक्षा अधिकारियों के सतत अनुश्रवण, विद्यालय प्रधानों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। सरकारी विद्यालयों के साथ निजी विद्यालयों को भी इस अभियान से जोड़कर अधिकाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करना जिले की विशेष उपलब्धि रही है।
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना का उद्देश्य विद्यालयी विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, मौलिक एवं नवाचारी विचारों को प्रोत्साहित करना तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी के माध्यम से दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है।
जिला गुणवत्ता शिक्षा समन्वयक मनोहर सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष भी बांका पूरे देश में टॉप जिलों की सूची में रहा था, और इस बार और बेहतर करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष 15 जिलों में स्थान प्राप्त करना बाँका जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे न केवल जिले की शैक्षणिक सक्रियता को नई पहचान मिली है, बल्कि विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि और शिक्षकों की प्रतिबद्धता भी सामने आई है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला शिक्षा पदाधिकारी देवनारायण पंडित एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा फारूक़ रहमान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को इंस्पायर अवार्ड मानक 2026 में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यालयों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में विद्यार्थियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
इस सफलता ने न केवल बाँका की शैक्षणिक सक्रियता को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है, बल्कि यह भी साबित किया है कि बेहतर समन्वय, निरंतर अनुश्रवण और सामूहिक सहभागिता से शिक्षा एवं नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
Banka, Bihar | Oct 11, 2026