निपुण 2.0 के तहत उर्दू प्राथमिक विद्यालय बिदायडीह पहुँची दिल्ली की टीम, शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना
बांका जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के NIPUN 2.0 Field Visit Plan के तहत देश के सात राज्यों में चयनित विद्यालयों में बिहार से उर्दू प्राथमिक विद्यालय बिदायडीह, बांका को शामिल किया गया है।
शनिवार को शिक्षा विभाग, दिल्ली से आई टीम ने विद्यालय का भ्रमण कर विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। टीम में शिक्षा विशेषज्ञ श्रीमती स्वाति नायक एवं शिवानी पारखी शामिल रहीं।
विद्यालय की प्रमुख विशेषताएँ:
बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (FLN) को मजबूत करने के प्रयास।
खेल, कहानी, संवाद एवं गतिविधि आधारित शिक्षण।
शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) का प्रभावी उपयोग।
पीयर लर्निंग एवं बच्चों की सक्रिय भागीदारी।
बच्चों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा और सीखने के प्रति उत्साह।
विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं बच्चों की सक्रिय सहभागिता से प्रभावित होकर दिल्ली की टीम ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक टीम के सदस्यों से संवाद किया और अपनी जिज्ञासाएँ साझा कीं।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित प्रधान शिक्षिका खुशबू कुमारी के नेतृत्व में विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर बाँका जिला शिक्षा विभाग की टीम भी उपस्थित रही। टीम का नेतृत्व गुणवत्ता शिक्षा जिला समन्वयक श्री मनोहर सिंह ने किया। विद्यालय के शिक्षक मोहम्मद शाहिद रजा सहित ग्रामीण भी उपस्थित रहे। केंद्रीय टीम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री देवनारायण पंडित से भी संवाद कर जिले में शैक्षणिक सुधारों के प्रयासों एवं चुनौतियों की जानकारी ली।
यह उपलब्धि दर्शाती है कि समर्पण, नवाचार एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सरकारी विद्यालय भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
3 views | Banka, Bihar | Oct 10, 2026