बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को सितंबर, 2026 माह की पेंशन राशि का अंतरण माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से किया गया।
राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक माह की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि के अंतरण का निर्देश निर्धारित है। इसी के आलोक में विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत लाभार्थियों को पेंशन राशि उपलब्ध कराई गई।
मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के अंतर्गत 1,49,242 लाभार्थियों को 17,65,31,700 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 43,578 लाभार्थियों को 4,80,07,000 रुपये, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 19,820 लाभार्थियों को 2,23,67,600 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के अंतर्गत 10,459 लाभार्थियों को 1,17,44,400 रुपये, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के अंतर्गत 15,290 लाभार्थियों को 1,70,80,200 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के अंतर्गत 1,436 लाभार्थियों को 15,90,600 रुपये की राशि अंतरित की गई।इसके तहत छह सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के कुल 2,39,825 लाभार्थियों के लिए 27 करोड़ 73 लाख 21 हजार 500 रुपये की राशि अंतरित की गई।
कार्यक्रम के पश्चात जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल ने उपस्थित पेंशन लाभार्थियों से संवाद किया तथा उनसे पेंशन प्राप्त होने, पेंशन की राशि मिलने में किसी प्रकार की समस्या होने और जीवन प्रमाणीकरण की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लाभार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पेंशन से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को समय पर पूरा कराने के महत्व पर बल दिया।
जिला पदाधिकारी ने लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने आसपास के ऐसे पात्र व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के प्रति जागरूक करें, जिन्हें अभी तक पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को योजनाओं की जानकारी देकर आवेदन करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभ से वंचित न रहे।
इसके साथ ही जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत सभी पात्र लाभार्थियों को जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा आवेदन एवं जीवन प्रमाणीकरण से संबंधित प्रक्रियाओं में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि योग्य लाभुकों को नियमित रूप से पेंशन का लाभ प्राप्त हो सके।
7 views | Banka, Bihar | Oct 10, 2026