#विश्व_पर्यावरण_दिवस पर ‘नमो वन‘ आगर में 500 पौधों का रोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद आगर द्वारा विकसित किए जा रहे ‘नमो वन’ परिसर में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए लगभग 500 पौधों का रोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। उपस्थितजनों द्वारा छायादार, फलदार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए।
इस अवसर पर विधायक श्री मधु गेहलोत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री ओम मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री निलेश जैन पटेल, पूर्व विधायक श्री मुरलीधर पाटीदार, श्री भेरूसिंह चौहान, श्री मयंक राजपूत, श्री प्रेम यादव, श्री हरिनारायण यादव, श्री अजय जैन, श्री मनीष सोलंकी, श्री भरत प्रजापत, श्री कैलाश कुम्भकार, श्री अशोक प्रजापत, श्री रऊफ मुल्तानी, श्रीमती आभा चौपड़ा, श्रीमती मीना स्वर्णकार, श्री अर्जुन गवली सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री बी.एस. सोलंकी, एसडीएम आगर श्री मिलिंद ढोके, डिप्टी कलेक्टर श्री कमल मंडलोई, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री कुशाल सिंह डोड़वे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
नगर पालिका परिषद द्वारा विकसित किए जा रहे नमो वन परिसर में विगत वर्ष लगाए गए पौधे वर्तमान में विकसित होकर एक सघन हरित क्षेत्र का स्वरूप ले रहे हैं। इसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए आगामी चरणों में नमो वन परिसर में लगभग 11 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री मधु गेहलोत ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण हमारा सामूहिक दायित्व है। जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना और पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण प्रदान करने के लिए सभी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
जिलाध्यक्ष श्री ओम मालवीय ने कहा कि पेड़-पौधों का मानव जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि पौधारोपण को केवल एक दिवस तक सीमित न रखते हुए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभाएं।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री निलेश जैन पटेल ने बताया कि नमो वन को जिले के प्रमुख हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चरणबद्ध रूप से यहां 11 हजार पौधे लगाए जाएंगे तथा उनकी देखरेख एवं संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था की जाएगी, जिससे नमो वन भविष्य में पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र बन सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन श्री बसंत डूलगज द्वारा किया गया।
Dr Mohan Yadav
Jansampark Madhya Pradesh
#WorldEnvironmentDay #EkPedMaaKeNaam #CMMadhyaPradesh
#agarmalwa
#आगरमालवा
----------------------------------------------------------------------------------------------------------------
जनसंपर्क आगर-मालवा के आधिकारिक WhatsApp चैनल को फॉलो करें ।
लिंक –
https://whatsapp.com/channel/0029VbCvchc8F2pLxZIRIg34