दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष शिविर आयोजित, 135 हितग्राहियों का पंजीयन
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा भारत सरकार की एडीप योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत बुधवार को जनपद पंचायत सुसनेर के तत्वावधान में तहसील रोड स्थित आजीविका मिशन भवन में विशेष चिन्हांकन एवं पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु पंजीयन एवं चिन्हांकन की कार्यवाही की गई। शिविर में जिला चिकित्सालय की चिकित्सकीय टीम एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के शाखा प्रभारी श्री नीलेश झासिया ने बताया कि शिविर में 135 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। पात्र हितग्राहियों के लिए कृत्रिम हाथ, कृत्रिम पैर, कैलीपर सहित अन्य सहायक उपकरणों हेतु चिन्हांकन किया गया। आवश्यकता अनुसार कुछ हितग्राहियों को कृत्रिम अंग भी प्रदान किए गए।
सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री भारत विजयपुरिया ने बताया कि चिन्हांकित हितग्राहियों को आगामी चरण में आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
शिविर में नगर परिषद सोयत से श्री धीरज भावसार, पेंशन शाखा प्रभारी श्री अक्षय गुहाटिया, शिविर प्रभारी श्री रामलाल भैरवे, सामुदायिक संघटक श्री जगदीश परमार, श्री मुकेश माली, श्री आकिब खान सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
#agarmalwa
#आगरमालवा