नलखेड़ा में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के लिए सहायक उपकरण चिन्हांकन शिविर का हुआ समाप
अंतिम दिवस 102 हितग्राहियों का पंजीयन, चार दिवसीय शिविर में 162 हितग्राही चिन्हांकित
कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव के निर्देशानुसार सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा जिले के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय चिन्हांकन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जनपद पंचायत नलखेड़ा में आयोजित चार दिवसीय चिन्हांकन शिविर का समापन हुआ।
सामाजिक न्याय विभाग के शाखा प्रभारी श्री निलेश झांसिया ने बताया कि शिविर के अंतिम दिवस भारत सरकार की एडिप योजना के अंतर्गत 30 दिव्यांगजनों तथा राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत 69 वरिष्ठजनों सहित कुल 102 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। शिविर में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के विशेषज्ञों द्वारा 29 हितग्राहियों को पात्र पाते हुए उनका चिन्हांकन कर भारत सरकार के पोर्टल पर पंजीयन किया गया।
शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को कृत्रिम हाथ, कृत्रिम पैर, कैलीपर सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण मौके पर ही उपलब्ध कराए गए। सहायक उपकरण प्राप्त कर दिव्यांगजन एवं उनके परिजन प्रसन्न दिखाई दिए तथा उन्होंने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर में जिला मेडिकल बोर्ड के चिकित्सकों द्वारा 9 दिव्यांगजनों का नवीन दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड हेतु पंजीयन भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नलखेड़ा सुश्री अश्विनी पाटीदार, शाखा प्रभारी सामाजिक न्याय श्री निलेश झांसिया, एसएसओ सुश्री रूचि मिश्रा, श्री पुरुषोत्तम खेलवाल, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती चेतना बैरागी सहित जनपद पंचायत, नगर परिषद एवं सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव के निर्देशानुसार जिले के चारों विकासखंडों में आयोजित शिविरों के दौरान जनपद पंचायत आगर में एडिप योजना के अंतर्गत 18 दिव्यांगजन एवं वयोश्री योजना के अंतर्गत 23 वरिष्ठजनों सहित कुल 41 हितग्राहियों, जनपद पंचायत बड़ौद में 10 दिव्यांगजन एवं 18 वरिष्ठजनों सहित कुल 28 हितग्राहियों तथा जनपद पंचायत सुसनेर में 24 दिव्यांगजन एवं 38 वरिष्ठजनों सहित कुल 62 हितग्राहियों का चिन्हांकन किया गया।
वहीं नलखेड़ा विकासखंड के समापन शिविर में वयोश्री योजना के 20 तथा एडिप योजना के 11 हितग्राहियों सहित कुल 31 हितग्राहियों का चिन्हांकन किया गया। इस प्रकार जिले में आयोजित चार दिवसीय शिविरों के दौरान वयोश्री योजना के 99 वरिष्ठजन एवं एडिप योजना के 63 दिव्यांगजन सहित कुल 162 हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्राप्त करने हेतु पात्र पाते हुए चिन्हांकित किया गया।
#agarmalwa
#आगरमालवा