शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर 6 जून को दिल्ली में सीजेपी का हल्ला बोल, एयरपोर्ट से जंतर-मंतर तक निकलेगा युवा मार्च
संस्थापक अभिजीत दिपके की भारत वापसी के साथ शुरू होगा आंदोलन, सोनम वांगचुक और महुआ मोइत्रा ने दिया समर्थन, तीन नए राष्ट्रीय प्रवक्ताओं का भी ऐलान
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके का सोशल मीडिया पर सबसे वायरल वीडियो देखें क्या बोले?
जितेन्द्र गुप्ता ✍️ l बोल दो भारत
नई दिल्ली। राष्ट्रीय शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 6 जून को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके विदेश से भारत लौट रहे हैं और उनके दिल्ली पहुंचते ही आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।
सीजेपी के अनुसार अभिजीत दिपके 6 जून की सुबह दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां बड़ी संख्या में समर्थकों और युवाओं से एकत्र होने की अपील की गई है। पार्टी का कहना है कि हवाई अड्डे से ही आंदोलन का शंखनाद होगा और इसके बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) समेत विभिन्न परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही तय करना और शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग करना है।
अभिजीत दिपके ने अपने संदेश में कहा है कि उन्हें देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाए। उन्होंने चेतावनी भी दी कि किसी एक व्यक्ति की गलती पूरे आंदोलन की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए सभी लोग अनुशासन बनाए रखें।
इस आंदोलन को लेकर लद्दाख के प्रसिद्ध पर्यावरणविद् एवं शिक्षाविद सोनम वांगचुक तथा तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने भी समर्थन जताया है। पार्टी का दावा है कि दोनों नेताओं ने युवाओं की आवाज को समर्थन देते हुए 6 जून के आंदोलन के प्रति अपनी सहमति व्यक्त की है।
इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक विस्तार की घोषणा करते हुए तीन नए आधिकारिक प्रवक्ताओं की नियुक्ति भी की है। पत्रकार सौरव दास को मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं राजनीतिक शोधकर्ता, लेखिका और फिल्म निर्माता विजेता दहिया को राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर तथा मेक्सिको के पूर्व छात्र आशुतोष राका को भी पार्टी का आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
पार्टी का दावा है कि 6 जून का यह प्रदर्शन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि देशभर के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की आवाज को बुलंद करने का अभियान है। सीजेपी ने देश के विभिन्न राज्यों से युवाओं से दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जंतर-मंतर पर होने वाला यह प्रदर्शन शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर एक बड़ा जनआंदोलन साबित होगा।
#AbhijeetDipke #अभिजीतदिपके #delhi #DelhiAirport #cjp #cockroach #DhruvRathee #cockroachjantaparty #DharmendraPradhan #JantarMantar #paperleak #VijayDahiya #JusticeForStudents #6juneprotest #MahuaMoitra #SonamWangchuk #India
#कॉकरोचजनतापार्टी #SourabhDas #BJP4IND #AshutoshRanka #vijetadahiya #students
#socialmediamarketing #viralreelsシ #viralvideoシ #viralpost #NewsUpdate
Orai, Jalaun | Jun 4, 2026