महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत श्री अग्रवाल महिला मंडल ट्रस्ट ने अपना घर आश्रम में बांटा सूखा राशन
प्रत्येक जरूरतमंद की सेवा ही है मानवता की सबसे बड़ी और पवित्र सेवा : सीमा बंसल
भिवानी, 26 सितंबर : महाराजा अग्रसेन द्वारा दिखाए गए परोपकार, करुणा और समाज कल्याण के मार्ग पर चलते हुए अग्रवाल समाज द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं मानव सेवा कार्यों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। 11 अक्तूबर तक चलने वाले इन विशेष सेवा कार्यक्रमों की कड़ी में श्री अग्रवाल महिला मंडल ट्रस्ट की ओर से एक सराहनीय पहल की गई। ट्रस्ट की ओर से स्थानीय दादरी गेट स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में संचालित अपना घर आश्रम में रह रहे प्रभु जनों के लिए सूखा राशन वितरित किया। इस सेवा कार्य के दौरान महिला मंडल की सदस्यों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान श्री अग्रवाल महिला मंडल ट्रस्ट की चेयरपर्सन सीमा बंसल ने कहा कि जीव सेवा ही मानवता की सबसे बड़ी और सबसे पवित्र सेवा है। महाराजा अग्रसेन ने हमें यही अमर संदेश दिया था कि समाज के अंतिम व्यक्ति और प्राणी तक मदद पहुंचे। कोई भी व्यक्ति बेसहारा या भूखा न रहे, यही उनका मूल विचार था। हमें उनके इन महान आदर्शों को केवल बातों तक सीमित न रखकर अपने व्यावहारिक जीवन में उतारना चाहिए और निरंतर समाज सेवा के कार्यों में तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब पूरा समाज एकजुट होकर और निस्वार्थ भावना से प्रयास करेगा, तभी वास्तव में समाज के जरूरतमंद और असहाय लोगों को सही मायने में सहारा मिल सकेगा। अग्रसेन जयंती के इस पावन एवं शुभ अवसर पर शुरू की गई सेवा की यह मुहिम केवल यहीं समाप्त नहीं होगी, बल्कि यह आगे भी इसी प्रकार निरंतर और अनवरत जारी रहेगी। इस अवसर पर रेखा अग्रवाल, प्रधान नीतू बसल, रिंकी गुप्ता उप प्रधान, प्रीति गोयल कोषाध्यक्ष, अलका सगई, मोनिका जैन, ममता अग्रवाल, रूबी गुप्ता, सुरेखा बसल, हिमांशी कसेरा, उमेश बंसल, कृष्णा जैन, नवीन गोयत व मुरालीलाल गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।