सरकार का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ प्रदान करना है: कपूर सिंह वाल्मीकि
सेवा सेतु कैंप आमजन के लिए हो रहे हैं कारगर साबित: कपूर सिंह
- शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने बीडीपीओ कार्यालय परिसर में लगाया सेवा सेतु शिविर
बवानीखेड़ा, 26 सितंबर। शहरी स्थानीय निकाय द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत कस्बा बवानीखेड़ा के बीडीपीओ कार्यालय परिसर में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने यहां पर लगाई गई स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करें।
विधायक श्री वाल्मीकि ने अधिकारियों-कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का एकमात्र उद्देश्य है कि जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। इसी के चलते सेवा संकल्प अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए बड़े कारगर साबित हो रहे हैं। जहां एक तरफ आमजन योजनाओं की जानकारी ले रहे हैं वहीं दूसरी ओर पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन कर रहे हैं। सेवा सेतु शिविर जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का सशक्त और सरल माध्यम है। उन्होंने कहा कि इन सेवा सेतु शिविरों में आमजन को एक ही छत के नीचे सभी विभाग मौजूद मिले हैं। इससे जरूरतमंद लोग अपनी इच्छा अनुसार रोजगार चुन रहे हैं।
शिविर में करीब 19 विभागों द्वारा स्टाल लगाई गई। वहां लोगों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क लगाए गए। नगर पालिका द्वारा प्रॉपर्टी आईडी की त्रुटियों को ठीक करने के लिए स्पेशल डेस्क लगाया गया।
शिविर में क्रीड द्वारा परिवार पहचान पत्र, हरियाणा कौशल विकास मिशन, हरियाणा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, रोजगार विभाग, पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि), विकसित भारत-जी राम जी योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, दीन दयाल उपाध्याय योजना, जिला समाज कल्याण विभाग व जिला कल्याण विभाग, रेडक्रॉस सोसायटी, हरियाणा ग्रामीण बैंक, जिला उद्योग केंद्र एवं एमएसएमई, जिला बाल कल्याण परिषद, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कोऑपरेटिव लिमिटेड, पशु पालन विभाग,सिंचाई विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा मत्स्य विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉलों के माध्यम से अपनी सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में नगर पालिका चेयरमैन सुंदर अत्री भी पहुंचे और स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान मार्केट कमेटी चेयरमैन राजेंद्र हंस, ज्ञान चंद गुलाटी, नगर पालिका से कपूर सिंह, दिनेश कौशिक सहित अनेक गणमान्य नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।