स्पेशल स्टाफ ईशरवाल ने बिना लाइसेंस अवैध हथियार रखने के मामले में एक आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस किए बरामद
*आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।*
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस द्वारा जिला पुलिस को बिना लाइसेंस अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों के विरुद्ध अभियान चलाकर ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए स्पेशल स्टाफ ईशरवाल की टीम ने अवैध हथियार रखने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
दिनांक 25.092026 को स्पेशल स्टाफ ईशरवाल के मुख्य सिपाही हरि सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त एवं अपराध पड़ताल ड्यूटी पर हांसी चुंगी, तोशाम में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति तोशाम बाईपास पर हांसी-बवानी खेड़ा रोड पर कहीं जाने के लिए खड़ा हुआ है, जिसके पास बिना लाइसेंस का अवैध हथियार व कारतूस हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा बताए गए स्थान पर तुरंत दबिश दी गई। पुलिस टीम ने मौके से एक व्यक्ति को अवैध हथियार व कारतूस सहित गिरफ्तार किया।
*गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल पुत्र रहमान निवासी रामपुरा, बलियाली जिला भिवानी के रूप में हुई है।*
*पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।*
आरोपी कपिल के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत थाना तोशाम में अभियोग दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है तथा अवैध हथियार अपनी निजी हिफाजत के लिए खरीदकर लाया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में लूट एवं लड़ाई-झगड़े से संबंधित अभियोग दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड तथा अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से अवैध हथियार की खरीद के स्रोत तथा पूर्व के मामलों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
पुलिस प्रवक्ता, भिवानी।।