गोवर्धन में अनंत अंबानी ने की गिरिराज जी की भव्य परिक्रमा, तिलकायत पुत्र श्री विशाल बावा का मिला पावन सान्निध्य
असीम कृतज्ञता और भक्तिभाव में डूबे नजर आए अनंत अंबानी; नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद धनराज परिमल नथवानी भी रहे साथ, जतीपुरा मुखारविंद मंदिर में की विशेष पूजा-अर्चना
गोवर्धन (मथुरा)।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने शुक्रवार को ब्रज की पावन धरा गोवर्धन पहुंचकर असीम आस्था और कृतज्ञता के साथ श्री गिरिराज जी की पवित्र परिक्रमा संपन्न की। इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान उनके साथ पुष्टिमार्गीय प्रधान पीठ नाथद्वारा के तिलकायत पुत्र एवं युवराज गोस्वामी श्री विशाल बावा (चिरंजीवी श्री भूपेशकुमारजी) और हाल ही में राज्यसभा सांसद बने धनराज परिमल नथवानी (परिमल नथवानी के सुपुत्र) भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
तिलकायत पुत्र श्री विशाल बावा के सान्निध्य में शयन आरती और दर्शन
अपनी दो दिवसीय ब्रज यात्रा के तहत गोवर्धन पहुंचे अनंत अंबानी ने सबसे पहले श्री गिरिराज जी मुखारविंद मंदिर, जतीपुरा में प्रभु के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर में नाथद्वारा प्रधान पीठ के तिलकायत पुत्र एवं परिचारक (उत्तराधिकारी) श्री विशाल बावा के पावन सान्निध्य में गिरिराज जी की भव्य शयन आरती संपन्न हुई। इस दौरान मंदिर में आयोजित 'कुनबाड़ा' के अंतर्गत प्रभु को विविध भोग अर्पित किए गए।
भावुक हुए अनंत अंबानी, दादा-दादी और ब्रजवासियों के प्रति जताई कृतज्ञता
परिक्रमा मार्ग पर अनंत अंबानी अत्यंत साधारण और भक्तिमय अंदाज में पैदल चलते नजर आए। भजनों की धुन और 'राधे-राधे' व 'गिरिराज धरण की जय' के जयघोष के बीच उन्होंने अपनी आध्यात्मिक अनुभूति साझा करते हुए कहा कि गिरिराज जी की पूरी परिक्रमा करना उनकी बचपन की इच्छा थी, जो आज प्रभु कृपा से पूरी हुई है।
कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्होंने अपने दादा धीरूभाई अंबानी और दादी कोकिलाबेन अंबानी को याद किया। उन्होंने कहा कि वे आज जो कुछ भी हैं, अपने दादा-दादी के आशीर्वाद और मार्गदर्शन की वजह से हैं। जब उन्होंने अपनी दादी को गिरिराज परिक्रमा के बारे में बताया तो वे अत्यंत प्रसन्न हुईं, और अनंत ने उनकी ओर से भी प्रभु के चरणों में पूजा अर्पित की। उन्होंने ब्रजवासियों के आत्मीय स्वागत और दंडवत परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा के प्रति भी हृदय से आभार व्यक्त किया।
#AnantAmbani #giriraj #mathura