हिण्डौन सिटी: 81 लाख रुपए स्वीकृत होने के बावजूद नहीं बनी बाजरा रोड, कीचड़ और अतिक्रमण से परेशान क्षेत्रवासियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
हिण्डौन सिटी के बाजरा रोड पर फैली गंदगी, कीचड़ और अतिक्रमण से परेशान आमजन ने शनिवार (28 नवंबर) को उप जिला कलेक्टर (एसडीएम) के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्या के जल्द समाधान की मांग की है। वार्ड नंबर 33, 34, 35 और 57 के निवासियों ने बताया कि यह मुख्य मार्ग कई स्कूलों और हाईवे को जोड़ता है, लेकिन इसकी हालत बेहद खस्ता हो चुकी है।ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने अवगत कराया कि सड़क पर कीचड़ और गंदगी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।कुछ दिन पहले ही यहां एक बस पलट गई थी, जिसमें बच्चों को फ्रैक्चर तक आ गए थे।इसके अलावा महिलाएं और स्कूली बच्चे भी रोजाना फिसलकर गिर रहे हैं। सड़क के किनारों पर सीवरेज के चैंबर खुले पड़े हैं, जिनसे गंदगी बाहर निकल रही है और लोगों का जीना दूभर हो गया है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकार द्वारा इस सड़क के निर्माण के लिए 81 लाख रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के चलते न तो कोई सुनवाई हो रही है और न ही निर्माण कार्य शुरू किया गया है। ज्ञापन के माध्यम से श्याम सिंह, भजन सिंह, दीनदयाल शर्मा और आशीष सहित अन्य क्षेत्रवासियों ने एसडीएम से मौके का मुआयना करने, आम रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करवाने तथा जल्द से जल्द सड़क निर्माण शुरू करवाने की मांग की है।