*नशे के खिलाफ पुलिस का जागरूकता अभियान तेज,*
*पुलिस चौकी खेड़ी लक्खा सिंह के गांव मसाना में ग्रामीणों को बताए दुष्प्रभाव — महिला अपराध और साइबर ठगी से बचाव को लेकर भी दी महत्वपूर्ण जानकारी*
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस की विभिन्न टीमें गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दे रही हैं। इसी कड़ी में सेफ सिटी टीम की एएसआई नीलम तथा चौकी इंचार्ज खेड़ी लक्खा सिंह एएसआई परमवीर सिंह ने गांव मसाना में ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक किया।
चौकी इंचार्ज परमवीर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। नशे की लत के कारण युवा अपनी शिक्षा, रोजगार और भविष्य को प्रभावित कर लेते हैं।
चौकी इंचार्ज परमवीर ने ग्रामीणों से अपील की कि वे युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ें। साथ ही गांव में यदि कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों का सेवन या बिक्री करता है तो इसकी सूचना पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
सेफ सिटी टीम की एएसआई नीलम ने विशेष रूप से महिलाओं को महिला विरुद्ध अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने महिलाओं और युवतियों को अपने अधिकारों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या अपराध को सहन न करें और समय रहते पुलिस की मदद लें। उन्होंने महिलाओं से जागरूक और सतर्क रहने की अपील की तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही एएसआई नीलम ने ग्रामीणों को साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों के प्रति भी सचेत किया। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी करने वाले अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। फोन कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी तथा ऑनलाइन लेन-देन के नाम पर लोगों से ठगी की जा सकती है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों से नशे और अपराध के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशामुक्त और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में आमजन की भागीदारी बेहद जरूरी है। जिला पुलिस की ओर से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।