तालाबों एवं अमृत सरोवरों में किया जाए मत्स्य पालन- डीसी
यमुनानगर, (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो- उपायुक्त प्रीति ने जिले के तालाबों एवं अमृत सरोवरों के विषय में जिला के अधिकारियों के साथ बैठक ली। इस बैठक में विभिन्न गांवों में बनाए गए अमृत सरोवरों की साफ-सफाई, विस्तारीकरण व तालाबों एवं अमृत सरोवरों में मत्स्य पालन के विषय में विमर्श किया गया।
उपायुक्त ने बैठक में कहा कि तालाबों एवं अमृत सरोवरों की नियमित जांच की जाए और जहां खामियां मिलती है तो उन्हें तुरंत दूर करने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी गांवों में इस तरह प्रबंध किया जाए कि गांवों की नालियों का पानी अमृत सरोवरों में न जाए ताकि अमृत सरोवर का पानी दूषित न हो। जिन अमृत सरोवरों के विस्तारीकरण की जरूरत है उनका विस्तार किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न हों, बल्कि धरातल पर भी विकास कार्य होना चाहिए। उन्होंने गांव मांडखेड़ी के तालाब के ऑवरफ्लो का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन के लिए जिला में तालाब चिन्हित किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इससे संबंधित जो भी कार्य है उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाए और अमृत सरोवरों का उपयोग मत्स्य पालन के लिए किया जाए जिससे पंचायतों को गांवों के विकास के लिए अतिरिक्त आय का साधन मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय लोगों, सरपंचों और पंचों को साथ लेकर कार्य करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ब्रह्म प्रकाश अहलावत, सीएमजीजीए अभिश्रुति, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, बीडीपीओ नेहा, सिमरन, कार्तिक चौहान, एक्सईएन लव कुमार व संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहें।