यमुनानगर जन शिकायतों के निवारण में दूसरे स्थान पर
यमुनानगर, (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो- हरियाणा सरकार के सहकारिता विभाग के प्रधान सचिव पंकज यादव ने जन-संवाद के दृष्टिगत शुक्रवार को चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्तों एवं संबंधित अधिकारियों की राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रधान सचिव ने उपायुक्तों से जन-संवाद व अन्य माध्यमों से प्राप्त जन-शिकायतों और जिलों में विकास कार्यों की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर शिविरों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। सभी अधिकारी नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने बैठक के दौरान लंबित शिकायतों, एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) तथा शिकायतों के निपटान से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त प्रीति ने प्रधान सचिव को जिले की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान करवाया जाएगा तथा लंबित शिकायतों के निपटान के लिए विशेष प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाएगा। प्रधान सचिव ने उपायुक्त प्रीति को बधाई देते हुए कहा कि जिला यमुनानगर जन शिकायतों के निवारण में दूसरे स्थान पर है जो कि 59 प्रतिशत है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त प्रीति ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए कहा कि जन-संवाद, समाधान शिविर, सीएम विंडो तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। किसी भी शिकायत को अनावश्यक कारणों से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटान किया जाए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी समाधान शिविर में स्वयं बैठें और इसे गंभीरता से लें। मुख्यमंत्री स्वयं इसे मॉनीटर करते हैं।
उन्होंने अधिकारियों से एटीआर की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निपटान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन-संवाद एवं समाधान शिविर सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं संतोषजनक समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे हैं। इसलिए सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ, एसडीएम रादौर नरेन्द्र कुमार, एएसपी आशीष चौधरी, जिला परिषद के सीईओ ब्रह्म प्रकाश, डीटीपी राजेश कुमार, डीआरओ तरुण सहोता, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, नगर निगम के ईओ जसबीर, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता, चिकित्सा प्रमुख डॉ. दिव्या मंगला, एक्सईएन पवन छिक्कारा, पुनित मित्तल व सौरभ अहलावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।