*पंचायती राज आम चुनाव-2026*
*चतुर्थ चरण के मतदान के लिए मतदान दल रवाना*
*राजकीय बांगड महाविद्यालय परिसर से चार पंचायत समितियों के 662 मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए मतदान दल*
*14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य तथा 16 नवंबर को सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए होगा मतदान*
डीडवाना-कुचामन, 13 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण के तहत जिले की चार पंचायत समितियों एवं जिला परिषद् के वार्डों में 14 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार को डीडवाना स्थित राजकीय बांगड महाविद्यालय परिसर से मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के उपरांत ईवीएम एवं निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चुनाव सामग्री उपलब्ध कराई गई। सामग्री प्राप्त करने के बाद दल अपने संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान दलों एवं मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, विद्युत की निर्बाध आपूर्ति एवं सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें।
उन्होंने बताया कि चतुर्थ चरण के तहत जिले की चार पंचायत समितियों लाडनूं, डीडवाना, मौलासर एवं कुचामन के मतदान दल निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार रवाना हुए। लाडनूं पंचायत समिति के 27 पंचायत समिति वार्ड और 44 ग्राम पंचायतों के लिए 181 मतदान केंद्र, डीडवाना के 27 पंचायत समिति वार्ड और 47 ग्राम पंचायतों के लिए 166 मतदान केंद्र, मौलासर के 23 पंचायत समिति वार्ड और 36 ग्राम पंचायतों के लिए 140 मतदान केंद्र तथा कुचामन के 27 पंचायत समिति वार्ड और 41 ग्राम पंचायतों के लिए 165 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार चतुर्थ चरण में कुल 104 पंचायत समिति वार्ड और 168 ग्राम पंचायतों के लिए 652 एवं 10 सहायक मतदान केंद्रो सहित कुल 662 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इन क्षेत्रों में कुल 6 लाख 1 हजार 805 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जिला परिषद के वार्ड संख्या 1 से 10, 24 से 28 व 32,33,34 तथा पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शनिवार, 14 नवंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद रविवार, 15 नवंबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। सोमवार, 16 नवंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। मतदान के पश्चात संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी तथा शुक्रवार, 17 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा। जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा मतदान के उपरांत ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से संग्रहण स्थल तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं।
इस दौरान मतदान दलों को पंचायती राज चुनाव के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक कैलाश चन्द्र यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने भी संबोधित कर राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश दिये।
Didwana, Nagaur | Nov 13, 2026