*चुनाव पर्यवेक्षक कैलाश चंद्र यादव ने लाडनूं एवं डीडवाना पंचायत समिति की विभिन्न ग्राम पंचायतों का किया दौरा; चुनावी व्यवस्थाओं व मतदान केंद्रों का लिया जायजा*
डीडवाना-कुचामन, 13 नवंबर। पंचायत आम चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के क्रम में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त जिला चुनाव पर्यवेक्षक कैलाश चंद्र यादव ने शुक्रवार को लाडनूं एवं डीडवाना क्षेत्र का सघन दौरा कर चुनावी व्यवस्थाओं का धरातलीय पर्यवेक्षण किया।
पर्यवेक्षक श्री यादव ने पंचायत समिति लाडनूं के अंतर्गत लाछड़ी, मीठड़ी, हुसैनपुरा, इंद्रपुरा एवं घिरडोदा मीठा तथा डीडवाना पंचायत समिति के अंतर्गत थाणु ग्राम पंचायत में स्थित मतदान केंद्रों व चुनावी व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया।
*व्यवस्थाओं एवं प्रोटोकॉल की गहन समीक्षा*
दौरे के दौरान पर्यवेक्षक महोदय ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं—जैसे पेयजल, छाया, सुचारू विद्युत व्यवस्था, रैंप, प्रवेश व निकास मार्ग आदि का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित स्थानीय अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने, निष्पक्षता बनाए रखने तथा पूरी चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपादित करने के निर्देश दिए।
कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष जोर
पर्यवेक्षक श्री यादव ने क्षेत्र के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से कानून-व्यवस्था की स्थिति का फीडबैक लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं और आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना करवाई जाए, ताकि आमजन व मतदाता बिना किसी भय या दबाव के शांतिपूर्ण वातावरण में चुनावी प्रक्रिया में भाग ले सकें।
Didwana, Nagaur | Nov 13, 2026