समाहरणालय, पूर्णिया
जिला जनसंपर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति:- 1875,
दिनांक:- 12 नवंबर 2026
=======================
*प्रभारी जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में छठ महापर्व को लेकर ब्रीफिंग आयोजित, विधि-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश*
प्रभारी जिला पदाधिकारी, पूर्णिया श्री मुकेश कुमार मुकुल एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया डॉ. शौर्य सुमन की संयुक्त अध्यक्षता में आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित पदाधिकारियों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में आयोजित की गई।
ब्रीफिंग के दौरान प्रभारी जिला पदाधिकारी द्वारा सभी छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके तहत घाटों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने, खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां चेतावनी बोर्ड लगाने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को छठ घाटों पर महिलाओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। शहरी क्षेत्र के छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने तथा संबंधित नगर निकायों के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से स्थलों का भौतिक निरीक्षण करने को कहा गया।
विद्युत तारों में शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य कारणों से आग लगने की आशंका को देखते हुए सभी आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही, अग्निशमन वाहनों को चालक एवं आवश्यक कर्मियों सहित 24×7 अलर्ट मोड में रखने को कहा गया।
अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं के डूबने की आशंका को देखते हुए सभी प्रमुख घाटों पर आवश्यक उपकरणों के साथ गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करने तथा जिला नियंत्रण कक्ष में भी उन्हें मुस्तैद रखने का निर्देश दिया गया। आवश्यकता के अनुसार एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की टीमों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को भी कहा गया। किसी भी आकस्मिक घटना से त्वरित रूप से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन करने तथा घाटों पर मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
#cmsamrat
#samratchoudhary
#pmmodi
Purnia, Bihar | Nov 12, 2026