दीपावली की सुबह काल बनी जर्जर छत, मलबे में दबकर तीन की मौत; 20 दिन के मासूम समेत चार लोग दबे
कानपुर में दर्दनाक हादसा, सास, बहू और नवजात की गई जान, एक युवक घायल
#कानपुर। दीपावली की खुशियों के बीच रविवार की सुबह एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पनकी थाना क्षेत्र के पनकी पड़ाव इलाके में एक मकान के कमरे की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय कमरे में मौजूद परिवार के चार सदस्य मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक घायल है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच हुआ। कमरे में 60 वर्षीय विनोदिनी शुक्ला, उनकी बहू अंशिका शुक्ला (28), 20 दिन का मासूम आरव शुक्ला और हर्ष शुक्ला (32) मौजूद थे। इसी दौरान अचानक कमरे की छत ढह गई और चारों मलबे में दब गए।
परिजनों की चीख-पुकार सुनकर दूसरे कमरों में मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे। आसपास के लोगों की मदद से मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया और तत्काल कल्याणपुर सीएचसी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने विनोदिनी शुक्ला, अंशिका शुक्ला और मासूम आरव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हर्ष शुक्ला को हल्की चोट आई है।
हर्ष के रिश्तेदारों के मुताबिक, हादसे के वक्त परिवार के सभी सदस्य कच्चे कमरे में बैठे थे। बहू अपने बच्चे को दूध पिला रही थी। इसी दौरान अचानक छत गिरने से परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई। दीपावली के दिन हुए इस हादसे से परिवार में मातम पसरा है।
Balrampur, Balrampur | Nov 8, 2026