*पंचायती राज आम चुनाव - 2026*
*आशा देवी सवाई माधोपुर की जिला प्रमुख*
*जिला प्रमुख का निर्वाचन निर्विरोध सम्पन्न*
*जिला परिषद के 31 सदस्यों में से कांग्रेस प्रत्याशी ने जिला प्रमुख पद के लिए एकमात्र नामांकन प्रस्तुत किया*
*जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई*
*सवाई माधोपुर, 25 नवम्बर।* पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद सवाई माधोपुर के जिला प्रमुख पद का निर्वाचन बुधवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इंडियन नेशनल कांग्रेस की प्रत्याशी आशा देवी जिला प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
जिला परिषद सभागार में आयोजित प्रमुख के पद पर निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान परिषद के 31 नवनिर्वाचित सदस्यों में से एकमात्र प्रत्याशी आशा देवी का नामांकन प्राप्त हुआ। जांच में नामांकन वैध पाए जाने पर उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। सवाई माधोपुर जिला परिषद के प्रमुख का पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है, जिस पर अनुसूचित जाति महिला जिला प्रमुख चुनी गई हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने नवनिर्वाचित जिला प्रमुख श्रीमती आशा देवी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए।