राजकीय महाविद्यालय बामनवास में संविधान दिवस पर मतदाता जागरूकता एवं रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
बामनवास (सवाई माधोपुर), 26 नवंबर। राजकीय महाविद्यालय बामनवास में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। एक ओर विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नैतिक मतदान के प्रति जागरूक किया गया, वहीं दूसरी ओर छात्राओं को आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने के उद्देश्य से रानी लक्ष्मीबाई केंद्र के अंतर्गत आत्मरक्षा प्रशिक्षण के द्वितीय बैच का शुभारंभ किया गया।
संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने ली नैतिक मतदान की शपथ
महाविद्यालय में निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार स्वीप (SVEEP) एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. भीमसिंह मीना ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की मतदान में भागीदारी आवश्यक है। मतदान केवल संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक मतदाता बनने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी मतदान के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया।
ईएलसी नोडल अधिकारी एवं सहायक आचार्य धनराज मीना ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 के अंतर्गत सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने 17 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं के अग्रिम मतदाता पंजीकरण, बीएलओ एवं वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही युवाओं से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा बिना किसी दबाव, भय या प्रलोभन के निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय स्टाफ को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मतदाता शपथ दिलाई गई।
रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के द्वितीय बैच का शुभारंभ
महाविद्यालय में रानी लक्ष्मीबाई केंद्र के अंतर्गत छात्राओं के आत्मरक्षा प्रशिक्षण के द्वितीय बैच का भी शुभारंभ किया गया।