*संविधान दिवस पर सरस्वती महाविद्यालय कुस्तला में आयोजित हुआ विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम*
*युवाओं ने विकसित भारत@2047, नशामुक्त भारत एवं संवैधानिक मूल्यों पर किया विचार-विमर्श*
*सवाई माधोपुर, 26 नवम्बर।* संविधान दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत केंद्र सवाई माधोपुर द्वारा सरस्वती कॉलेज, कुस्तला में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का मुख्य विषय “विकसित भारत@2047” रहा, जिसमें युवाओं ने राष्ट्र निर्माण, संवैधानिक मूल्यों एवं नशामुक्त भारत के संकल्प पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
जिला युवा अधिकारी ने मेरा युवा भारत की विभिन्न गतिविधियों एवं युवा सहभागिता के अवसरों की जानकारी देते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक कार्यों एवं विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रविवार की होने वाले 100वे संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम में भी सभी से सहभागिता करने के लिए अनुरोध किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल खिलाड़ी एवं भारतीय खेल प्राधिकरण के कोच अरबाज खान ने युवाओं से अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने खेल के क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। अरबाज खान ने खेलों के महत्व, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली के बारे में युवाओं को प्रेरित किया तथा जीवन में खेलों को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में युवा कार्यक्रम एवं भारत सरकार द्वारा नामित युवा आइकॉन चेतन शर्मा द्वारा विकसित भारत@2047 विषय पर पावरप्वाइंट प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने भारत की विकास यात्रा, वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना तथा इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शिफात खान ने सोशल मीडिया की सकारात्मक शक्ति, डिजिटल माध्यमों के जिम्मेदार उपयोग तथा युवाओं द्वारा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
युवा सामाजिक कार्यकर्ता रजत भारद्वाज ने सामाजिक सरोकारों, सामुदायिक सहभागिता एवं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे तथा युवाओं को सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।