*ऑनलाइन उर्वरक बुकिंग व्यवस्था फिर प्रारंभ, किसानों को मिलेगी खाद की सहज एवं पारदर्शी उपलब्धता*
*कृषि अधिकारियों ने बलरिया में वितरण व्यवस्था का लिया जायजा, किसान गोष्ठी में जैविक खाद एवं संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति किया जागरूक*
*सवाई माधोपुर, 25 नवंबर।* किसानों को उर्वरकों की सहज, समयबद्ध एवं पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा 25 नवंबर से ऑनलाइन उर्वरक बुकिंग व्यवस्था फिर प्रारंभ कर दी गई है। चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में वितरण व्यवस्था का जायजा लेने संयुक्त निदेशक लखपत लाल मीना, सहायक निदेशक खेमराज मीना एवं सहायक कृषि अधिकारी विजय जैन ग्राम सेवा सहकारी समिति बलरिया के सेल पॉइंट पर पहुंचे।
इस अवसर पर कृषि अधिकारियों ने वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा किसान गोष्ठी आयोजित कर किसानों को ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया, जैविक खादों के महत्व एवं संतुलित उर्वरक उपयोग की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गोबर खाद, कम्पोस्ट एवं वर्मी कम्पोस्ट के उपयोग से मिट्टी की संरचना, जल धारण क्षमता एवं उर्वरता में सुधार होता है। किसानों को फसल अवशेषों से कम्पोस्ट तैयार करने तथा मिट्टी परीक्षण के आधार पर रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी गई।
*मोबाइल एप से होगी ऑनलाइन खाद बुकिंग*
सहायक कृषि अधिकारी विजय जैन ने बताया कि किसान एफएफएस मोबाइल एप में जिला, तहसील एवं गांव का चयन कर आधार ओटीपी अथवा फार्मर आईडी से सत्यापन के बाद आवश्यक खाद की बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के उपरांत प्राप्त क्यूआर कोड अथवा ई-टोकन दिखाकर अधिकृत विक्रेता से खाद प्राप्त की जा सकेगी। ई-टोकन की वैधता 48 घंटे होगी।
*खाद-बीज खरीदते समय बिल अवश्य लें*
कृषि अधिकारियों ने किसानों से खाद एवं बीज अधिकृत विक्रेताओं से खरीदने तथा प्रत्येक खरीद का पक्का बिल अवश्य लेने की अपील की। बिल में सामग्री का नाम, मात्रा एवं दर जांचने और निर्धारित मूल्य से अधिक राशि अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता होने पर कृषि विभाग को सूचित करने की सलाह दी गई।
कृषि विभाग ने किसानों से फार्मर आईडी तैयार रखने, ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था का लाभ उठाने तथा जैविक खाद एवं संतुलित उर्वरक उपयोग अपनाकर मिट्टी की सेहत और उत्पादन क्षमता बढ़ाने का आह्वान किया।