दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण,सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की संयुक्त ब्रीफिंग
किशनगंज जिला मुख्यालय में आज दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, की संयुक्त अध्यक्षता में दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के अवसर पर जिलेभर में शांति व्यवस्था, विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन सुनिश्चित करें। जिले के सभी पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों, विसर्जन मार्गों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
*पूजा पंडालों में सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के निर्देश*
सभी पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पूजा पंडालों में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए आवश्यकतानुसार अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार की व्यवस्था की जाए, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा भगदड़ की स्थिति उत्पन्न न हो।
पूजा पंडालों के प्रवेश एवं निकास द्वार पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए। भीड़भाड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा आवश्यकता के अनुसार श्रद्धालुओं के आवागमन को नियंत्रित किया जाए। सभी प्रमुख पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी की जा सके।
*डीजे, अश्लील गीत एवं ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती*
ब्रीफिंग के दौरान डीजे के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध संबंधी निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। अश्लील, आपत्तिजनक एवं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। संबंधित पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पर्व के दौरान निर्धारित नियमों एवं प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन नहीं हो। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
**यातायात व्यवस्था एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी*
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने का निर्देश दिया।
पूजा पंडालों, प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौक-चौराहों तथा अधिक भीड़ वाले स्थानों पर यातायात नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था की जाए।
आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यकतानुसार यातायात कर्मियों की प्रतिनियुक्ति तथा मार्ग प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्ती करने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया जाए।
*विद्युत, अग्निशमन एवं चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता*
सभी पूजा पंडालों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों पर विद्युत सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विद्युत तारों, अस्थायी कनेक्शनों एवं अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कराई जाए, ताकि शॉर्ट सर्किट अथवा विद्युत दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके। पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के मानकों का पालन तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यकतानुसार अग्निशमन वाहन एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था रखने तथा स्वास्थ्य विभाग को सतर्क एवं तैयार रहने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
*दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को कर्तव्य निर्वहन के निर्देश*
प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर समय से पहुंचने तथा निर्धारित कर्तव्यों एवं दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। सभी पदाधिकारी अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर मुस्तैद रहें और बिना सक्षम अनुमति के अपने कर्तव्य स्थल को नहीं छोड़ें।
पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने, स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने पर बल दिया गया। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था से संबंधित किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
*जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 क्रियाशील रखने का निर्देश*
पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटने तथा प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला नियंत्रण कक्ष 06456-225152 को 24 घंटे सातों दिन क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया। नियंत्रण कक्ष में आवश्यक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति, संचार व्यवस्था एवं सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सभी संबंधित पदाधिकारी नियंत्रण कक्ष के साथ निरंतर संपर्क में रहें तथा किसी भी महत्वपूर्ण घटना, विधि-व्यवस्था की स्थिति अथवा आपातकालीन आवश्यकता की सूचना तत्काल उपलब्ध कराएं।
*प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता एवं सुरक्षा व्यवस्था*
प्रतिमा विसर्जन के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए सभी निर्धारित विसर्जन मार्गों एवं विसर्जन स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। विसर्जन मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। जुलूसों के सुचारू संचालन, भीड़ नियंत्रण तथा विभिन्न पूजा समितियों के बीच समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
विसर्जन स्थलों पर गहरे पानी से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों तथा आवश्यकतानुसार एसडीआरएफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जलाशयों एवं नदी घाटों पर सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाए तथा खतरनाक स्थानों पर लोगों को जाने से रोका जाए।
हाईवे एवं रेलवे क्रॉसिंग जैसे संवेदनशील स्थलों को पहले से चिन्हित कर वहां विशेष सतर्कता बरतने तथा भीड़ के अनियंत्रित जमाव को रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध करने का निर्देश दिया गया। ऐसे स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पुलिस निगरानी एवं यातायात नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
*पेयजल, शौचालय एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं*
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूजा पंडालों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों पर आवश्यकतानुसार पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा साफ-सफाई के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ इन सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
*स्वयंसेवकों की भूमिका एवं पूजा समितियों की जवाबदेही*
पूजा समितियों के आयोजकों एवं स्वयंसेवकों को उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों से अवगत कराने का निर्देश दिया गया। स्वयंसेवक भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारू बनाए रखने, महिला एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सहायता करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
सभी पूजा समितियां प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन प्रबंध तथा भीड़ नियंत्रण के लिए आयोजनकर्ताओं की जवाबदेही तय की गई। संबंधित पदाधिकारी पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाओं का अनुपालन सुनिश्चित करें।
*सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई*
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। पर्व के दौरान भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने तथा अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। आम नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा भ्रामक संदेश पर विश्वास न करें और बिना सत्यापन के ऐसी सामग्री को साझा न करें।
किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना प्राप्त होने पर उसकी जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा पुलिस को दें। अफवाह फैलाकर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
*पूजा पंडालों के आसपास मांस-मछली की दुकानों पर रोक*
सामाजिक सौहार्द एवं पर्व की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से पूजा पंडालों के आसपास मांस, मछली एवं मुर्गे की दुकानों के संचालन पर रोक संबंधी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में इस संबंध में आवश्यक निगरानी रखें तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन कराएं।
*शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने की अपील*
ब्रीफिंग के अंत में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पूर्ण तत्परता, सजगता एवं आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। पर्व के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि दुर्गा पूजा , रावण दहन एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। आम नागरिकों, पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव एवं पारस्परिक सहयोग के साथ पर्व मनाएं।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन,अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी आदि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ें थें। #viralreels #viralreelschallenge #viralpost #viralchallenge #NewYork #vacaciones #videogames #2026Goals