अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता, तुलसी कुमारी बनीं अररिया की चैंपियन
अररिया कॉलेज स्टेडियम में आयोजित फाइनल मुकाबले में चयनित बच्चियों ने दिखाया दमखम, विजेताओं को मेडल और मोमेंटो देकर किया गया सम्मानित
अररिया। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर वर्किंग डिजिटल मीडिया प्रेस फाउंडेशन की ओर से रविवार को अररिया कॉलेज स्टेडियम में 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित बच्चियों ने हिस्सा लिया। कई राउंड की रोमांचक दौड़ के बाद फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत रमई पंचायत के घोराघाट गांव की रहने वाली तुलसी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बालिकाओं की प्रतिभा को मंच देने, खेल के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों के साथ जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली बच्चियों को मुख्य अतिथियों के हाथों मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। आयोजन स्थल पर सदर अस्पताल अररिया की चिकित्सकीय टीम मौजूद रही। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी, ताकि प्रतियोगिता शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अररिया के एसडीएम दीक्षित श्वेतम, एसडीपीओ सुशील कुमार, नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद गौतम शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा, वार्ड संख्या सात के पार्षद श्याम मंडल, समाजसेवी डॉ. अशोक यादव, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्रवण दास, अरुण होंडा के प्रोपराइटर अरुण कुमार, फारबिसगंज के समाजसेवी आदर्श गोयल, रामकुमार ठाकुर, जिला पत्रकार संघ के राकेश भगत , अमित अमन, चंदन कुमार,सतीश कुमार, मनीष कुमार और तपेश यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर एसडीएम दीक्षित श्वेतम ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि बालिकाओं को खेल और अन्य गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर देना समाज के लिए महत्वपूर्ण है। इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
वहीं, नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद गौतम शाह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर इस तरह का आयोजन जिले के लिए सराहनीय पहल है। इससे बालिकाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों और सहयोगियों के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के डायरेक्टर विकास प्रकाश, राजीव सिंह और साधन यादव ने बताया कि इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए करीब दो महीने तक लगातार मेहनत की गई। डिजिटल प्रेस क्लब और यूथ पावर क्लब के सहयोग से प्रखंड स्तर पर चयन प्रक्रिया पूरी कराई गई और चयनित बच्चियों को जिला स्तरीय फाइनल मुकाबले में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को प्रोत्साहित करना, उनकी खेल प्रतिभा को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
आयोजकों की ओर से सभी मुख्य अतिथियों को अंगवस्त्र के साथ सम्मानित किया गया तथा उनके सहयोग के लिए आभार प्रकट किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वर्किंग डिजिटल मीडिया प्रेस फाउंडेशन के सहयोगी, रंजन राज, अली हसन, बालकृष्ण कुमार, मंटू राय, मोहम्मद आजाद, मोहम्मद साजन, मोहम्मद इफ्तिखार और संजय कुमार सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, प्रतिभागियों और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि बेटियों को अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं। #viralreels #viralreelschallenge #viralchallenge #viralpost #vacaciones #newyork #videogames #makeuphack #2026Goals #foodreview