झाबुआ में पलक बेकर्स पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की औचक कार्रवाई, 963 किलोग्राम टोस्ट जब्त
मानक घोषणाएं अंकित नहीं होने पर ₹1 लाख 9 हजार 915 मूल्य का टोस्ट जब्त
स्वच्छता संबंधी कमियां पाए जाने पर आगामी आदेश तक निर्माण कार्य बंद रखने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेशभर में खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम, खाद्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं उपभोक्ताओं के हितों के संरक्षण हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में असिस्टेंट कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा गुरुवार को झाबुआ के रंगपुरा स्थित पलक बेकर्स का औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में टोस्ट एवं खारी का निर्माण किया जा रहा था तथा विक्रय हेतु खाद्य पदार्थ पैकेटों में रखे पाए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के दौरान तिल्ली टोस्ट के दो नमूने जांच हेतु लिए गए। जांच में खाद्य पदार्थों के पैकेटों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत निर्धारित अनिवार्य घोषणाएं अंकित नहीं पाई गईं। प्रथम दृष्टया मिथ्याछाप पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान से कुल 963 किलोग्राम टोस्ट जब्त किया गया, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य ₹1 लाख 9 हजार 915 है।
स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर निर्माण कार्य बंद रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान बेकरी में खाद्य पदार्थों के निर्माण स्थल पर आवश्यक साफ-सफाई का अभाव पाया गया। साथ ही कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट एवं निर्माण कार्य में उपयोग किए जा रहे पानी की जांच संबंधी रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों का निर्माण कार्य आगामी आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत निर्धारित अनुसूची-4 के स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। निर्धारित अवधि में सुधार नहीं किए जाने की स्थिति में नियमानुसार पंजीयन अथवा अनुज्ञप्ति निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है।
खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने एवं प्रकरण में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान असिस्टेंट कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राहुल सिंह अलावा एवं श्री वेलसिंह मोरी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP #Jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026