"दो बूंद जिंदगी की" का संदेश लेकर निकली जागरूकता रैली
28 जून को जनपद के 2.16 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
उरई (जालौन)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान के तहत 28 जून को आयोजित होने वाले पोलियो बूथ दिवस से पहले शनिवार को जिला पुरुष चिकित्सालय, उरई से भव्य जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस विभाग, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं, मेडिकल एवं नर्सिंग विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। शहर के प्रमुख मार्गों से निकली रैली के दौरान "दो बूंद जिंदगी की" और "पोलियो मुक्त भारत" के नारों के माध्यम से अभिभावकों को 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाना है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि 28 जून को अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं, ताकि कोई भी बच्चा अभियान से वंचित न रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिनंदन प्रसाद ने बताया कि जनपद में अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 1188 पोलियो बूथों और 590 टीमों के माध्यम से 2,16,833 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। साथ ही सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों से भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की गई।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh #उरई #जालौन #कोंच #कालपी #माधौगढ़
Orai, Jalaun | Jun 27, 2026