पितृपक्ष मेला 2026: जिला पदाधिकारी ने विष्णुपद मेला क्षेत्र का किया सघन पैदल निरीक्षण, 15 सितंबर तक सभी कार्य पूर्ण करने का सख्त निर्देश
गया: आगामी विश्वप्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियों को धरातल पर परखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, गया श्री शंशाक शुभंकर द्वारा आज विष्णुपद मेला क्षेत्र का विस्तृत पैदल निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लिया तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को 15 सितंबर 2026 तक सभी तैयारियां अनिवार्य रूप से पूर्ण करने की अंतिम समय-सीमा निर्धारित की।
जिला पदाधिकारी का यह पैदल निरीक्षण चांद चौरा से प्रारंभ होकर नारायण चुआ, बंगाली आश्रम, विष्णुपद श्मशान घाट और देवघाट होते हुए विष्णुपद मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं की गहन समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए:
सड़क एवं पहुंच पथ: निरीक्षण मार्ग में पड़ने वाली सभी सड़कों एवं संपर्क गलियों की स्थिति को देखा गया। जहां भी गड्ढे या टूट-फूट पाई गई, उसे प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने और श्रद्धालुओं के आवागमन को बाधारहित बनाने का निर्देश दिया गया।
स्वच्छता एवं नालों की उड़ाही: मेला क्षेत्र, घाटों एवं गलियों में नालों की मुकम्मल उड़ाही व नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। खुले नालों को स्लैब से ढकने तथा जलजमाव की समस्या का तत्काल स्थायी समाधान करने के निर्देश नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
अतिक्रमण पर सख्त रुख: पैदल निरीक्षण के दौरान मार्ग में पाए गए अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं एवं पिंडदानियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विद्युत आपूर्ति एवं स्ट्रीट लाइट: मार्ग में लटकते एवं जर्जर बिजली के तारों को तत्काल व्यवस्थित करने, खुले तारों को केबल से बदलने तथा खराब स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत सुनिश्चित करने का आदेश विद्युत विभाग को दिया गया।
घाट एवं मंदिर परिसर की व्यवस्था: देवघाट और विष्णुपद मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सुरक्षा बैरिकेडिंग, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश एवं नागरिक सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने सभी कार्यपालक अभियंताओं एवं नोडल पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पितृपक्ष मेला में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। 15 सितंबर तक सभी बुनियादी सुविधाएं शत-प्रतिशत पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मेले के विधिवत शुभारंभ से पूर्व संपूर्ण मेला क्षेत्र पूर्णतः तैयार रहे।
District Administration, GAYA
#गयाजी
#गया_हो
#gaya
#GayaPolice
#बिहार
#पितृपक्षमेला 2026