बस्ती पुलिस को बड़ी कामयाबी: प्रभारी निरीक्षक बृजानन्द सिंह की अगुवाई में अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 शातिर गिरफ्तार जनपद बस्ती ,उत्तर प्रदेश 07 अक्टूबर 2026
चोरी की 4 बाइक, 10 कटी मोटरसाइकिलों के पार्ट्स और पिकअप बरामद; नेपाल में खपाने की थी तैयारी
जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बृजानन्द सिंह की टीम को बुधवार तड़के एक बड़ी सफलता हाथ लगी। प्रभारी निरीक्षक के कुशल नेतृत्व और सटीक रणनीति के चलते पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें काटकर बेचने वाले एक शातिर अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 4 पूरी मोटरसाइकिलें, पिकअप और 10 कटी हुई बाइकों के पार्ट्स व इंजन बरामद किए हैं।
प्रभारी निरीक्षक बृजानन्द सिंह के सटीक जाल में फंसे शातिर
प्रभारी निरीक्षक बृजानन्द सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस की टीम अपराध नियंत्रण व संदिग्धों की धरपकड़ के लिए देर रात मूडघाट पंचायत भवन के पास गश्त व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध बाइक सवार और उनके साथ चल रही एक पिकअप को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोक लिया।
प्रभारी निरीक्षक बृजानन्द सिंह के नेतृत्व में जब पुलिस टीम ने कड़ाई से पूछताछ की और वाहनों की तलाशी ली, तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। पिकअप के भीतर 2 चोरी की बाइकें और बॉडी में कटर/ग्राइंडर से काटी गई 10 अन्य मोटरसाइकिलों के इंजन, नंबर प्लेट व पार्ट्स लदे मिले। कबाड़ के धंधे की आड़ में नेपाल तक फैला था नेटवर्क पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने बताया कि वे शहर और आस-पास के जनपदों से बाइक चुराते थे। इसके बाद ग्राइंडर मशीन से काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग कर देते थे और पकड़े जाने से बचने के लिए माल को नेपाल ले जाकर बेचते थे। बुधवार सुबह भी वे पूरा सामान पिकअप में लादकर नेपाल सीमा की ओर निकलने की फिराक में थे, लेकिन प्रभारी निरीक्षक बृजानन्द सिंह की मुस्तैद टीम ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
आरोपियों में शामिल राजेश कुमार व रंगीलाल गुप्ता कबाड़ के कारोबार की आड़ में चोरी के वाहनों के पार्ट्स की खरीद-फरोख्त का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस अब क्षेत्र के सभी कबाड़ियों के यहाँ भी सघन जांच अभियान चला रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
राजू गुप्ता (उम्र 40 वर्ष), निवासी- मुबारकपुर, थाना कोतवाली टांडा, जनपद अम्बेडकरनगर (शातिर अपराधी, जिस पर पहले से अंबेडकरनगर, अयोध्या, गोंडा व बस्ती में चोरी, एनडीपीएस सहित कई मुकदमे दर्ज हैं)।
राजेश कुमार (उम्र 28 वर्ष), निवासी- नगर बाजार, थाना नगर, जनपद बस्ती।
रंगीलाल गुप्ता (उम्र 47 वर्ष), निवासी- एकसड़ा, थाना नगर, जनपद बस्ती।
बरामदगी:
04 चोरी की मोटरसाइकिलें
01 पिकअप वाहन
10 मोटरसाइकिलों के इंजन, नंबर प्लेट व अन्य पार्ट्स
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक बृजानन्द सिंह (कोतवाली, बस्ती) — टीम नेतृत्व
उ0नि0 जितेन्द्र कुमार सिंह (चौकी प्रभारी, बड़ेबन)
उ0नि0 बलिराम गौड़ (चौकी प्रभारी, जेल गेट)
उ0नि0 रतीश चंचल पाण्डेय (चौकी प्रभारी, सिविल लाइन)
हे0का0 शैलेश शर्मा, का0 देवेन्द्र गुप्ता, का0 आदित्य वर्मा, का0 विजय यादव, का0 आदित्य पाल, का0 राजू यादव एवं का0 मुकेश साहनी
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 7, 2026