*बस्ती: पुलिस झंडा दिवस पर गर्व से लहराया पुलिस का झंडा, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने दिलाई शपथ*
*जनपद बस्ती, 23 नवंबर 2026।* पुलिस झंडा दिवस के पावन अवसर पर आज पुलिस कार्यालय बस्ती परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान *अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती श्याम कांत* ने पुलिस झंडे को फहराया और उपस्थित सभी पुलिस कर्मियों को पुलिस आचार संहिता एवं संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में पुलिस झंडे के सम्मान में सलामी दी गई तथा राष्ट्रगान के साथ समारोह का औपचारिक समापन हुआ। इस दौरान पुलिस कार्यालय के समस्त शाखा प्रभारी, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, सिपाही एवं अन्य पुलिस कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
*अपर पुलिस अधीक्षक ने दिया प्रेरक संदेश*
अपने संबोधन में अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने कहा कि पुलिस झंडा दिवस न केवल हमारे गौरव एवं परंपरा का प्रतीक है, बल्कि यह हमें अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक समर्पित, अनुशासित एवं जनसेवा के भाव से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसामान्य की सुरक्षा एवं संवेदनशील मुद्दों पर तत्परता से कार्य करते हुए पुलिस बल की छवि को और अधिक मजबूत बनाएं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल का मूल उद्देश्य जनहित में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं संवेदनशील ढंग से कार्य करना है। इस अवसर पर उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को उच्च मनोबल के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
*आखिर क्यों मनाया जाता है पुलिस झंडा दिवस? जानिए इतिहास*
पुलिस झंडा दिवस हर साल 23 नवंबर को मनाया जाता है। यही वो दिन है जब साल 1951 में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को उसका झंडा प्रदान किया था। तब से यह दिन पुलिस बल के गौरव, बलिदान और सेवा भाव को याद करने के लिए मनाया जाता है। पुलिस का झंडा सिर्फ एक कपड़ा नहीं है, ये उस शपथ का प्रतीक है जो हर जवान वर्दी पहनते समय लेता है - जनता की रक्षा, कानून का पालन और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने की भावना।
इस दिन पुलिसकर्मी अपने झंडे को सलामी देकर ये संकल्प लेते हैं कि वे भ्रष्टाचार से दूर रहेंगे, आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करेंगे और अपराधियों के खिलाफ डटकर खड़े रहेंगे।
*झंडे का संदेश - सेवा, सुरक्षा और समर्पण*
पुलिस झंडा दिवस हमें याद दिलाता है कि वर्दी का मतलब सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। रात-दिन ड्यूटी करने वाले जवानों के त्याग और बलिदान को सम्मान देना ही इस दिवस का असली उद्देश्य है। Basti Police
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Nov 23, 2026