#भरतपुर। राजस्थान में 2021 की रद्द हुई एसआई भर्ती परीक्षा रविवार को जिले में 58 केंद्रों पर दो पारियों में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 12,486 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 4,661 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। प्रशासन ने नकल रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए थे। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले तक ही केंद्र में प्रवेश दिया गया, जिसके बाद मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्रों की जांच की गई और जूतों को उतरवाकर गहन चेकिंग की गई। सुरक्षा के मद्देनजर सभी सेंटरों पर पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षा समाप्त होते ही शहर के बस स्टैंड पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बसों में सीट पाने के लिए परीक्षार्थियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की देखने को मिली। स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने बस स्टैंड और शहर के प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए।