#भरतपुर। नदबई में लुहासा रोड स्थित एक निजी स्कूल में महाराजा सूरजमल शिक्षक समिति का जिलास्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ट्रेनी आईएएस हिमांशु जैन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने की। सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सुरेश भातरा, राजेंद्र सिंह जिलेदार, धर्मपाल चौधरी और प्रबंधक मानिक चंद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष रूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकारिणी सदस्यों ने आए हुए सभी अतिथियों का माला, साफा और स्मृति चिह्न भेंटकर भव्य स्वागत किया। सम्मेलन के दौरान शिक्षकों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया और सभी को एकजुट होने का आह्वान किया गया। प्रदेशाध्यक्ष ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों, समयबद्ध पदोन्नति, शिक्षकों को गैर-शिक्षण कार्यों से मुक्त करने, रिक्त पदों पर नई भर्ती करने और दो से अधिक संतान होने पर परिलाभों में की जाने वाली कटौती को बंद करने जैसी प्रमुख मांगें प्रमुखता से उठाईं। इस दौरान महासचिव नरेंद्र सिंह सिनसिनी, पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, ओमप्रकाश आरपी, कोषाध्यक्ष लाखन सिंह, सुरेश चौधरी, रूप चौधरी, रणधीर सिंह भौसिंगा, घनश्याम डागुर और जदवीर सिंह सहित कई शिक्षक व पदाधिकारी मौजूद रहे।