#बालाघाट
बाल विवाह रोकने के लिए बच्चों को किया जागरूक, विधिक साक्षरता शिविर में दी कानून की जानकारी
लड़की की 18 और लड़के की 21 वर्ष से पहले विवाह करना कानूनी अपराध, बाल विवाह की सूचना पुलिस को दें
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 21 अक्टूबर 2026 से 28 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालाघाट द्वारा शासकीय माध्यमिक शाला लामता में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव श्री हेमंत सविता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की और 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह कराना कानूनन अपराध है। बाल विवाह में सहयोग करने वाले व्यक्ति भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र में विवाह के बजाय शिक्षा के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए, ताकि वे शिक्षित होकर आत्मनिर्भर बन सकें और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। विवाह निर्धारित कानूनी आयु के बाद ही होना चाहिए, जिससे युवक-युवती शारीरिक एवं मानसिक रूप से परिपक्व हो सकें।
श्री सविता ने शिविर में निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह योजना की जानकारी भी दी। साथ ही नालसा डॉन स्कीम 2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की समझाइश देते हुए उन्हें शिक्षा, अच्छे संस्कार और सकारात्मक सोच के साथ अपना भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में शाला के प्रधानाध्यापक श्री जगदीप धनकर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #minlaw5 #schooledump
1 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 26, 2026